
Operation Sindoor : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का प्रभाव अब आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है। खासतौर पर हवाई सेवाओं पर इसका सीधा असर पड़ा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) से शुक्रवार को 100 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है और सुरक्षा व्यवस्था को भी सख्त कर दिया गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, 5 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें (विदेश जाने वाली) और 4 अंतरराष्ट्रीय आगमन फ्लाइट्स (विदेश से दिल्ली आने वाली) रद्द की गई हैं। इसके साथ ही, 63 घरेलू आने वाली उड़ानें और 66 घरेलू प्रस्थान उड़ानें भी कैंसिल की गई हैं। हालांकि, एयरपोर्ट खुला है और बाकी फ्लाइट्स का संचालन जारी है, लेकिन स्थिति सतर्कता की मांग कर रही है। अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि अवश्य करें। प्रशासन ने कहा है कि "एयरपोर्ट सामान्य रूप से चालू है, लेकिन सुरक्षा कारणों से कुछ उड़ानों में परिवर्तन हो सकता है।" यात्रियों को फर्जी खबरों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक सूचना स्रोतों पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।
दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल में 18 मई तक आगंतुकों का प्रवेश अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मार्शल और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने देश के करीब 25 एयरपोर्ट्स पर वाणिज्यिक उड़ानों को स्थगित कर दिया है, विशेषकर वे जो भारत-पाक सीमा के पास स्थित हैं। एयर इंडिया और इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने भी यात्रियों से अपील की है कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें। एयर इंडिया ने कहा है कि यात्री प्रस्थान से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचें, क्योंकि चेक-इन समय से 75 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा। इंडिगो ने भी अतिरिक्त समय लेकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है ताकि सुरक्षा जांच में कोई परेशानी न हो। Operation Sindoor :