इसी बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आत्मविश्वास भरे अंदाज़ में कहा कि “बिहार की जीत तो हमारी ही है, अब नजर बंगाल पर टिक गई है। उन्होंने जोड़ा कि यह जीत सिर्फ शुरुआत है ,अगला राजनीतिक रण बंगाल में लड़ा जाएगा।

बिहार में आज सत्ता का फैसला होना है और मतगणना के शुरुआती राउंड ने सियासी हवा का रुख साफ कर दिया है। एनडीए शुरुआती बढ़त के साथ मुकाबले में आगे निकलता दिख रहा है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आत्मविश्वास भरे अंदाज़ में कहा कि “बिहार की जीत तो हमारी ही है, अब नजर बंगाल पर टिक गई है। उन्होंने जोड़ा कि यह जीत सिर्फ शुरुआत है ,अगला राजनीतिक रण बंगाल में लड़ा जाएगा।
मतगणना के बीच गिरिराज सिंह ने दावा किया कि बिहार की जनता ने एक बार फिर एनडीए के कामकाज पर विश्वास जताया है और यह जीत किसी एक राज्य तक सीमित नहीं रहने वाली। उन्होंने कहा, “बिहार में हमारी जीत साफ दिख रही है, अब बदलाव की बारी बंगाल की है।” बंगाल की ओर इशारा करते हुए उन्होंने तीखा हमला बोला कि वहां का शासन अराजकता में डूबा हुआ है और बाहरी तत्वों को खुली छूट दी जा रही है जिसे अब जनता बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
एनडीए के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए गिरिराज सिंह ने दो टूक कहा कि नीतीश कुमार ही गठबंधन के मुख्यमंत्री रहेंगे, इसमें किसी तरह की दुविधा या अंदरूनी खींचतान नहीं है। उनका दावा था कि जेडीयू और बीजेपी दोनों ही राज्यों में लगभग समान स्ट्राइक रेट के साथ मजबूती दिखा रही हैं और मिलकर एक स्थिर बहुमत की सरकार खड़ी करेंगी। मतगणना के रुझान जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, एनडीए और महागठबंधन के बीच फासला भी उतनी ही तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है।