विज्ञापन
बिहार की राजनीति में अति पिछड़ा वर्ग (EBC) एक बार फिर केंद्र में आ गया है। राज्य के सबसे बड़े सामाजिक वोट बैंक माने जाने वाले इस वर्ग को साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है।

Bihar News : बिहार की राजनीति में अति पिछड़ा वर्ग (EBC) एक बार फिर केंद्र में आ गया है। राज्य के सबसे बड़े सामाजिक वोट बैंक माने जाने वाले इस वर्ग को साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा 22 जून को पटना में एक बड़े अति पिछड़ा सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है, जिसे आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजधानी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में हाल ही में निर्वाचित अति पिछड़ा वर्ग के विधान परिषद सदस्यों का अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही इसे भाजपा के लिए सामाजिक और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी समेत केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। Bihar News
बिहार सरकार में खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार उर्फ प्रमोद चंद्रवंशी ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य अति पिछड़ा समाज को एक साझा मंच पर लाना और उसकी राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करना है। उनके अनुसार, संख्या बल के बावजूद समाज की वास्तविक ताकत तब सामने आती है जब वह संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करता है। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद, नित्यानंद राय समेत भाजपा के कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया जाएगा। Bihar News
राजनीतिक जानकारों के अनुसार बिहार में अति पिछड़ा वर्ग की आबादी 36 प्रतिशत से अधिक है। यही वजह है कि यह वर्ग लंबे समय से सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए सबसे अहम वोट बैंक बना हुआ है। खासकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक सफर में EBC, महिलाओं और गैर-यादव ओबीसी समुदाय के समर्थन के आधार पर मजबूत सामाजिक समीकरण तैयार किए हैं। इसी कारण भाजपा का यह सम्मेलन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि अति पिछड़ा समाज के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की एक बड़ी कवायद के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी आने वाले चुनावी मुकाबलों से पहले इस वर्ग में अपनी पैठ और प्रभाव को और विस्तार देना चाहती है। Bihar News
विज्ञापन