विज्ञापन

बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (JDU) उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह ने जीत का दावा करते हुए राजद उम्मीदवार पर सीधा हमला किया है। उन्होंने कहा कि जनता का साथ उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इस बार भी मोकामा विधानसभा सीट पर जीत का परचम लहराएंगे। इस सीट पर अनंत सिंह और सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी आमने-सामने हैं। अनंत सिंह ने कहा, “सूरजभान सिंह को जितने बड़े नेता के तौर पर पेश किया जाता है, लेकिन मैं पिछले 20-25 साल से चुनाव लड़ रहा हूँ। वे हर बार हार चुके हैं और इस बार भी हारेंगे।” उन्होंने साफ किया कि उन्हें न तो बाहुबल का डर है और न ही चुनाव में हिंसा की आशंका। Bihar Election
राजद और कांग्रेस के बीच टिकट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर तंज कसते हुए अनंत सिंह ने कहा, “सात जगहों पर ये दोनों पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवार उतार रही हैं। इनकी साझेदारी अब टूटी हुई है।” उन्होंने सिवान में मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को राजद से टिकट मिलने पर भी निशाना साधा और कहा, “इन बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं, जब वहां कुछ है ही नहीं।” उन्होंने राजद पर जंगलराज लाने का आरोप लगाते हुए कहा, “वे चाहते हैं कि जंगलराज आए, लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा।
अनंत सिंह ने जनता के साथ अपने गहरे संबंध को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा, “हम हमेशा जनता के बीच रहते हैं। यही वजह है कि लोग हमें इतना प्यार देते हैं। नीतीश कुमार पहले मुझे मंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन मैंने कहा कि मुझे वही चाहिए जो जनता ने मुझे दिया है। अब जनता कहेगी कि मुझे मंत्री बनना चाहिए, तो मैं बनूंगा। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश साहनी को लेकर उन्होंने कहा, “उन्हें हमारी पार्टी में आ जाना चाहिए। हमारी पार्टी सभी को सम्मान देती है और हम उनका स्वागत करेंगे।
राजद नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए अनंत सिंह ने कहा, “अगर लालू यादव आज नहीं होते तो तेजस्वी की कोई पहचान नहीं होती। उनकी कोई अलग खूबी नहीं, बस लालू के बेटे होने की वजह से लोग उन्हें जानते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए अनंत सिंह ने कहा, “पीएम मोदी एक अच्छे इंसान हैं और बिहार के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। पहले के मुकाबले बिहार काफी बदल चुका है। सड़कें, पुल और आधारभूत संरचना में सुधार हुआ है। पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ रहा है। Bihar Election
विज्ञापन