बिहार में डगमगाता महागठबंधन? तेजस्वी यादव के 243 सीटों वाले ऐलान से बढ़ा सियासी पारा
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:23 AM
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर सीट-शेयरिंग पर घमासान चरम पर है। इसी बीच आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के बयान ने नया सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। तेजस्वी ने शनिवार को बिहार के मुजफ्फरपुर की रैली में ऐलान किया कि तेजस्वी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उनके इस बयान ने गठबंधन की मजबूती पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस और अन्य सहयोगियों में बेचैनी साफ झलक रही है, वहीं बीजेपी ने इसे सियासी दिवास्वप्न करार देते हुए तेजस्वी पर सीधा तंज कसा। Bihar Election :
गठबंधन में बढ़ी दरार की आशंका
महागठबंधन में फिलहाल सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है। 2020 में आरजेडी ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 75 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को 70 सीटों में से सिर्फ 19 पर सफलता मिली थी। इस बार हेमंत सोरेन की झामुमो और पशुपति पारस की लोजपा (रामविलास) जैसे नए दलों के शामिल होने से समीकरण और जटिल हो गए हैं। ऐसे में तेजस्वी का 243 सीटों वाला ऐलान महागठबंधन के भीतर खींचतान और असमंजस को और गहरा सकता है।
नीतीश सरकार पर सीधा वार
मुजफ्फरपुर में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी ने नीतीश सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, बिहार में अपहरण और हत्याओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। भ्रष्टाचार थानों से लेकर सचिवालय तक फैला हुआ है। गरीब जनता नीतीश कुमार के कुशासन से त्रस्त है। सरकार के पास अपना कोई विजन नहीं, बस हमारी योजनाओं की नकल करती है।
बीजेपी का पलटवार
तेजस्वी के बयान पर बीजेपी ने भी तीखा हमला बोला। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव ख्वाब देखना बंद करें। उनके पास सभी 243 सीटों पर लड़ने की क्षमता नहीं है। यह बयान महज कांग्रेस और सहयोगियों पर दबाव बनाने की रणनीति है। बिहार की जनता चारा घोटाले और नौकरी घोटाले को भूली नहीं है। लोग आज भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर एनडीए को वोट देंगे। Bihar Election