बिहार चुनाव में बियर बांटने पहुंचे पूर्व बीजेपी विधायक धनंजय कन्नौजिया गिरफ्तार, अब खा रहे जेल की हवा
भारत
चेतना मंच
26 Oct 2025 05:02 PM
चुनावी माहौल के बीच बिहार में शराबबंदी कानून एक बार फिर चर्चा में है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के पूर्व भाजपा विधायक धनंजय कन्नौजिया को बिहार के बेतिया में बीयर की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उन्हें शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। Bihar Elections :
पूर्व विधायक की गाड़ी से मिली बियर की खेप
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम बरियारपुर चेकपोस्ट (मंगलपुर बांध) पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान यूपी नंबर की एसयूवी (यूपी 60 बीएफ 7153) को रोका गया, जिसमें खुद पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया बैठे थे। चेकिंग के दौरान जब अधिकारियों ने कार की डिक्की खोलने को कहा, तो पूर्व विधायक ने पहले धौंस जमाने की कोशिश की। लेकिन मजिस्ट्रेट विकास कुमार के सख्त रवैये के आगे उन्हें झुकना पड़ा। डिक्की खुली तो एक ट्रॉली बैग में बीयर की केन भरी मिलीं।
चुनावी ड्यूटी का बहाना, लेकिन मिला शराब का सबूत
पुलिस पूछताछ में धनंजय कन्नौजिया ने बताया कि वे बिहार चुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए बेतिया आए थे। वहीं, उनके ड्राइवर दिलीप सिंह ने खुलासा किया कि साहब को बीयर पीने का शौक है, इसलिए यूपी से निकलते वक्त ही पूरी खेप रख ली थी। दोनों को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
शराबबंदी कानून पर कड़ा रुख
गौरतलब है कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने 2016 में शराबबंदी लागू की थी। इसके बावजूद चुनावी मौसम में बाहरी राज्यों से शराब की तस्करी और वितरण के कई मामले सामने आ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से चुनावी प्रक्रिया में अनुशासन कायम रखने का संदेश जाएगा। Bihar Elections