टिकट न मिलने पर आरजेडी नेता का कुर्ता फाड़ प्रदर्शन, दहाड़ें मारकर रोये
भारत
चेतना मंच
19 Oct 2025 01:47 PM
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राजद में टिकट वितरण विवाद ने जोर पकड़ा है। पूर्वी चंपारण के मधुबन विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मदन शाह ने टिकट न मिलने के चलते राबड़ी आवास के सामने कुर्ता फाड़ कर प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्यसभा सांसद संजय यादव पर 2.70 करोड़ रुपये में टिकट बेचने का गंभीर आरोप लगाया। मदन शाह का कहना है कि वह 1990 से आरजेडी से जुड़े हुए हैं और पार्टी के प्रति हमेशा वफादार रहे। बावजूद इसके, बाहरी उम्मीदवार को टिकट देने से उन्हें गहरा धक्का लगा। उन्होंने बताया कि 2020 में उन्होंने चुनाव लड़ा था और मात्र 2000 वोटों से हार गए थे। Bihar Elections :
टिकट दिलाने के लिए दलाली की गई
मदन शाह ने विरोध जताने के लिए सड़क पर लेटकर और रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने कहा कि उन्हें कहा गया कि टिकट पाने के लिए दो करोड़ 70 लाख रुपये देने होंगे, लेकिन उनके पास इतने पैसे नहीं थे। उनका आरोप है कि संजय यादव हरियाणा से आए बाहरी नेता को टिकट दिलाने के लिए दलाली कर रहे हैं। मदन शाह ने कहा, "मैंने अपनी जिंदगी में अपने बच्चों की शादी तक नहीं की, लेकिन मुझे इस तरह से अनदेखा किया गया। पार्टी के अंदर यह अव्यवस्था मुझे बर्बाद कर रही है।"
राजनीति में बढ़ते तापमान
बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है, और दूसरे चरण के लिए नामांकन की तैयारियाँ जारी हैं। ऐसे में पार्टी में टिकट वितरण विवाद और नेताओं का विरोध राजनीतिक सरगर्मी में नया रंग भर रहा है। मदन शाह का यह प्रदर्शन केवल व्यक्तिगत नाराजगी का मामला नहीं, बल्कि राजद में टिकट वितरण प्रक्रिया में उठ रहे सवालों और पारदर्शिता की कमी की ओर भी इशारा करता है। Bihar Elections