ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने मिलेंगे 1000 रुपये! यहां जानें पूरा प्रोसेस
भारत
चेतना मंच
18 Sep 2025 09:40 AM
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवाओं को लेकर एक अहम घोषणा की है। अब राज्य सरकार 20 से 25 साल की उम्र के बेरोजगार ग्रेजुएट युवकों और युवतियों को हर महीने 1000 रुपये का भत्ता देगी। इस योजना का लाभ अधिकतम दो वर्षों तक मिलेगा। Bihar Chunav 2025
किसे मिलेगाफायदा?
इस योजना का लाभ वही युवा ले सकेंगे जो स्नातक (आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स) पास हों, बेरोजगार हों (न नौकरी हो, न स्वरोजगार), 20 से 25 वर्ष की उम्र के हों, बिहार के निवासी हों। यह भत्ता उन युवाओं को पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कौशल प्रशिक्षण के लिए आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से दिया जाएगा। नीतीश कुमार ने इस योजना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से साझा की। उन्होंने लिखा, "नवंबर 2005 से हमारी सरकार ने युवाओं को नौकरी और रोजगार देने को प्राथमिकता दी है। अब आने वाले पांच सालों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है।" उन्होंने यह भी कहा कि जब तक युवा आत्मनिर्भर नहीं होंगे, तब तक वे पढ़ाई या परीक्षा की तैयारी सही तरीके से नहीं कर पाएंगे। इसलिए सरकार ने यह भत्ता योजना लागू करने का फैसला लिया है।
सरकार का उद्देश्य
पहले यह योजना केवल इंटर पास बेरोजगार युवाओं के लिए लागू थी जो मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के अंतर्गत आती है। अब इसका दायरा बढ़ाकर इसमें स्नातक पास बेरोजगार युवाओं को भी शामिल कर लिया गया है। सरकार का कहना है कि इस योजना से युवाओं को आर्थिक राहत मिलेगी, वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे, कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकेंगे। नीतीश कुमार को उम्मीद है कि यह सहायता राशि युवा वर्ग के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी और उन्हें एक बेहतर भविष्य की ओर ले जाएगी।
इस घोषणा को ऐसे समय में किया गया है जब राज्य में चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में इसे युवाओं को लुभाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री का कहना है कि यह योजना सरकार की दीर्घकालिक सोच का हिस्सा है और इसका मकसद बिहार को रोजगारमूलक और आत्मनिर्भर बनाना है। Bihar Chunav 2025