फिर खून से लाल हुई पटना की धरती, भाजपा नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
Bihar News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:36 PM
Bihar News : बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन प्रखंड में शनिवार देर रात एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम दिया गया। जहां अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सुरेंद्र केवट की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, घटना पिपरा थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव की है जहां खेत में पटवन कर रहे सुरेंद्र केवट को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और उन पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दागीं। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र केवट को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत पटना एम्स लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
खेत में सिंचाई कर रहे थे सुरेंद्र केवट
बताया जा रहा है कि, घटना के वक्त सुरेंद्र केवट अपने खेत में सिंचाई का काम कर रहे थे। तभी दो हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और बेहद करीब से उन पर फायरिंग कर दी। गोलियां लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
BJP किसान मोर्चा के थे पूर्व अध्यक्ष
सुरेंद्र केवट पुनपुन प्रखंड में BJP किसान मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके थे। राजनीति के साथ-साथ वह एक सक्रिय किसान और ग्रामीण पशु चिकित्सक भी थे। क्षेत्र में उनकी काफी लोकप्रियता थी और वह सामाजिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखते थे।
हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश?
पुलिस ने घटना के बाद पीपरा थाना में FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम (FSL) को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या राजनीतिक दुश्मनी की आशंका जताई है। बता दें कि, पटना में यह बीते कुछ समय में बीजेपी नेता पर हुआ दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले व्यवसायी और भाजपा नेता गोपाल खेमका की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फिलहाल पुलिस हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है, जबकि गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।