वोटर लिस्ट विवाद पर विधानसभा में घमासान, मार्शल पर चली कुर्सी
Bihar News
भारत
चेतना मंच
22 Jul 2025 03:38 PM
Bihar News: बिहार विधानसभा का सत्र मंगलवार को उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया जब वोटर लिस्ट रिवीजन के मुद्दे पर आरजेडी विधायकों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। सभी आरजेडी सदस्य काले कपड़ों में पहुंचे थे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई आरजेडी विधायक वेल के पास पहुंच गए और जोरदार हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने सुरक्षा के लिए मार्शल्स को बुलाया। इसी दौरान मामला उग्र हो गया और कुछ आरजेडी विधायकों ने कुर्सियां उठा लीं, जिससे सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस पूरे घटना के बीच उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सत्ता पक्ष की ओर से अपनी सीट से कुछ कहते नजर आए लेकिन शोरगुल के कारण उनकी बात साफ नहीं हो सकी।
चुनाव आयोग और राज्य सरकार पर तीखे सवाल
विवाद की जड़ है बिहार में चल रहा वोटर लिस्ट रिवीजन जिस पर विपक्ष लगातार सवाल खड़े कर रहा है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इससे पहले चुनाव आयोग और राज्य सरकार पर तीखे सवाल दागे और चेतावनी दी कि अगर मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई तो सड़कों से लेकर सदन तक आरजेडी आंदोलन करेगी। तेजस्वी ने कहा, “यह मतदाता सूची में गड़बड़ी की साजिश है। हम चुप नहीं बैठेंगे लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे।” Bihar News