Bihar News : जहरीली शराब से मौत मामले का मुख्य आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
Bihar News
भारत
RP Raghuvanshi
27 Nov 2025 05:32 AM
Bihar News: नई दिल्ली। बिहार में जहरीली शराब पीने से कम से कम 80 लोगों की मौत होने के मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
Bihar News
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान राम बाबू महतो के रूप में हुई है, जो बिहार के सारण जिले का निवासी है। बिहार के सारण जिले में इस महीने की शुरुआत में जहरीली शराब पीने से सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई थी। राज्य में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध है। दिल्ली पुलिस बिहार में अवैध शराब की आपूर्ति से जुड़े सात मामलों की जांच कर रही है।
विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महतो दिल्ली में कहीं छिपा हुआ है।
यादव ने कहा, खबरों के मुताबिक, जहरीली शराब की बिक्री और सेवन से जुड़ी इन दुखद घटनाओं में लगभग 80 लोगों की मौत हुई है। आरोपी राम बाबू महतो इस पूरे प्रकरण में प्रमुख आरोपियों में से एक है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद जब बिहार पुलिस महतो को पकड़ने गई तो वह भागकर दिल्ली आ गया था।
यादव ने बताया कि उसे दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका से गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी की जानकारी बिहार पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने कहा कि महतो को राज्य में मद्यनिषेध कानून लागू होने के बाद जल्दी पैसा कमाने का मौका मिल गया और वह जहरीली शराब बनाने व बेचने में शामिल हो गया।