Bihar Political News : शपथ लेते ही तेजस्वी ने किया बड़ा ऐलान, एक महीने में युवाओं को बंपर नौकरी
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:43 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:43 AM
Patna: पटना। बिहार की सत्ता में दूसरी बार डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने के तुरंत बाद ही तेजस्वी यादव ने बड़ा ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर युवाओं को बंपर नौकरी देंगे। उन्होंने भाजपा पर जोरदार हमला बोला और कहा कि बिहार ने वही किया जो देश को करने की जरूरत है। हमने उन्हें रास्ता दिखाया है। हमारी लड़ाई बेरोजगारी के खिलाफ रही है। हमारे सीएम ने गरीबों और युवाओं का दर्द महसूस किया। उन्होंने दावा किया कि हम गरीबों और युवाओं को एक महीने के भीतर बंपर नौकरी देंगे, यह इतना भव्य होगा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।
बिहार के डिप्टी सीएम और राजद के युवा नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन इतना मजबूत है कि विधानसभा में विपक्ष के लिए बीजेपी सिर्फ एक ही बचेगी। सीएम नीतीश कुमार द्वारा लिया गया मुश्किल फैसला एक ऐसा फैसला है, जिसकी जरूरत थी। सांप्रदायिक तनाव भाजपा द्वारा फैलाया जा रहा था, वे क्षेत्रीय दलों को खत्म की कोशिश कर रहे थे। तेजस्वी ने कहा कि हम बिहार की जनता के प्रति जवाबदेह हैं। हर चेहरे पर मुस्कान लौटी है। जनता में खुशी का माहौल है। बिहार में मिलकर मजबूती से हम सरकार चलाएंगे।
दूसरी ओर, भाजपा नीतीश कुमार पर हमलावर है। भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि आज ‘पलटूराम’ ‘कलटुराम’ बन गये। मुझे पता चला कि लालू यादव ने उन्हें (नीतीश कुमार) बधाई दी है। लालू यादव ने एक बार ट्वीट किया था कि वह एक सांप है, जैसे सांप अपनी केचुल छोड़ देता है, वह अपना गठबंधन छोड़ देते हैं और हर दो साल में एक नया गठबंधन लेते हैं। शपथ ग्रहण के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के परिवार की भी प्रतिक्रिया आई है। पत्नी राजश्री ने कहा कि मैं सभी को धन्यवाद देती हूं। मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि यह बिहार के लोगों के लिए अच्छा है, मैं उन्हें धन्यवाद देती हूं। सभी खुश हैं।