Bihar : दलाई लामा की यात्रा के बीच बौद्धगया में सुरक्षा एलर्ट; विदेश मंत्रालय का टिप्पणी से इंकार
Bihar News
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:41 AM
Bihar News : नयी दिल्ली: बिहार के बौद्धगया में तिब्बती अध्यात्मिक नेता दलाई लामा को कथित तौर पर चीन की एक महिला से खतरा होने के एलर्ट के बाद सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को इस घटना को ‘सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा’ बताया और इस पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
Bihar News
इस बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाताओं से कहा कि यह सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा प्रतीत होता है, इसके बारे में मुझे अधिक जानकारी नहीं है। मैं नहीं समझता कि सुरक्षा से जुड़े आयामों पर बात करने का यह सही मंच है।
उन्होंने कहा कि सरकार का सम्पर्क अधिकारी वहां है लेकिन सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर वह कुछ नहीं कह सकते।
गौरतलब है कि बिहार के बौद्धगया में तिब्बती अध्यात्मिक नेता दलाई लामा की यात्रा के बीच चीन की एक महिला की तलाश में जुटी पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह सुरक्षा ‘अलर्ट’ जारी किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने चीन की महिला सोंग शियाओलन का ‘स्केच’ जारी किया है। पुलिस ने मीडिया के साथ महिला के पासपोर्ट और वीजा का विवरण भी साझा किया।
हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुलिस महिला की तलाश क्यों कर रही है।
अधिकारी के मुताबिक, महाबोधि मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और श्रद्धालुओं की भी तलाशी ली जा रही है।