बिलासपुर में बड़ा ट्रेन हादसा : पैसेंजर ट्रेन से टकराई मालगाड़ी, 6 की मौत कई घायल
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 08:44 PM
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम भीषण ट्रेन हादसा हुआ। जयरामनगर स्टेशन के पास गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू (68733) पैसेंजर ट्रेन की आमने-सामने की टक्कर एक मालगाड़ी से हो गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। रेलवे और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। Bilaspur (Chhattisgarh) :
जयरामनगर के पास आमने-सामने की टक्कर
घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे गटोरा और बिलासपुर स्टेशन के बीच अप लाइन पर हुई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास का इलाका जोरदार धमाके से गूंज उठा। हादसे के बाद पैसेंजर ट्रेन का एक कोच मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए। स्थानीय ग्रामीण और राहत दल मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया।
घायल यात्रियों का इलाज जारी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे की मेडिकल टीमें और एनडीआरएफ कर्मी मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं। रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए
हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं-
चंपा जंक्शन : 808595652
रायगढ़ : 975248560
पेंड्रा रोड : 8294730162
रेलवे ने बताया कि इन नंबरों पर कॉल करके यात्री या उनके परिवारजन तत्काल जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
ट्रेन सेवाएं प्रभावित, जांच के आदेश
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक, हादसे के बाद अप लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई है। कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोका गया है या रूट डायवर्ट किया गया है। हादसे के कारणों की फिलहाल जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि टक्कर कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं है; तकनीकी और मानवीय दोनों कोणों से जांच चल रही है।
लोगों में शोक, मौके पर भीड़ जुटी
हादसे के बाद आसपास के गांवों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के वक्त ट्रेन में सैकड़ों यात्री सफर कर रहे थे। कई लोग अब भी सदमे में हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक हेल्पलाइन से जानकारी लेने की अपील की है। यह हादसा एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। रेल मंत्रालय ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।