हसीन जहां और बेटी पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज, मोहम्मद शमी विवाद से अलग नया मोड़
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 02:43 PM
Birbhum (West Bengal) : भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। ताजा घटनाक्रम में हसीन जहां और उनकी बेटी अर्शी जहां पर हत्या की कोशिश (धारा 307) का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक जमीन को लेकर हुए विवाद में अपने पड़ोसियों से झड़प की और कथित रूप से हाथापाई में शामिल रहीं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हसीन जहां एक स्थानीय महिला से झगड़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने वीडियो और शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह विवाद जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर हुआ। पड़ोसियों का आरोप है कि हसीन जहां और उनकी बेटी अर्शी एक विवादित जमीन पर निर्माण कार्य करवा रही थीं। विरोध करने पर झगड़ा बढ़ गया और मामला मारपीट तक जा पहुंचा। घटना के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज की गई, और पुलिस ने हत्या के प्रयास, मारपीट, और अशांति फैलाने जैसी धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
कौन हैं अर्शी जहां?
अर्शी, हसीन जहां की पहली शादी से हुई बेटी हैं। हसीन इस समय अपनी छोटी बेटी आयरा के साथ बीरभूमि में रह रही हैं। उनका अपने मौजूदा पति, टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, से पिछले कई वर्षों से पारिवारिक और कानूनी विवाद चल रहा है। हाल ही में कलकत्ता हाई कोर्ट ने मोहम्मद शमी को आदेश दिया है कि वह हर महीने अपनी पत्नी हसीन जहां को 1.5 लाख और बेटी आयरा को 2.5 लाख रुपये, कुल 4 लाख का गुजारा भत्ता दें। यह मामला पहले भी सुर्खियों में रहा है और अब भी न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
विवादों से पुराना नाता
हसीन जहां पहले भी अपने पति शमी पर घरेलू हिंसा, मैच फिक्सिंग जैसे गंभीर आरोप लगा चुकी हैं। हालांकि पुलिस जांच में शमी को क्लीन चिट मिल चुकी है। अब पड़ोसियों के साथ यह नया विवाद एक बार फिर हसीन जहां को कानूनी संकट में ला खड़ा करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू हो चुकी है। यदि आरोप साबित होते हैं, तो यह मामला हसीन जहां और उनकी बेटी दोनों के लिए गंभीर कानूनी परिणाम ला सकता है। फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है, लेकिन वीडियो फुटेज और गवाहों के आधार पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।