बीजेपी में शामिल हुई बिहार की लोकगायिका मैथिली ठाकुर, इस सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 02:56 PM
मिथिला की मशहूर लोकगायिका मैथिली ठाकुर अब राजनीति के मैदान में कदम रख चुकी हैं। मंगलवार को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण की। उनके पार्टी में शामिल होने के बाद से यह चर्चा तेज हो गई है कि बीजेपी उन्हें दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा विधायक मिश्रीलाल यादव का टिकट कटना लगभग तय माना जा रहा है।
लोकगायिका से अब सियासी चेहरा बनने की तैयारी
मैथिली ठाकुर का नाम न सिर्फ बिहार में, बल्कि पूरे देश में लोकसंगीत की पहचान के रूप में जाना जाता है। मिथिला संस्कृति को नई पहचान देने वाली मैथिली ठाकुर सोशल मीडिया पर भी बेहद लोकप्रिय हैं। बीजेपी अब उनकी लोकप्रियता को चुनावी ताकत में बदलने की रणनीति बना रही है। पार्टी के अंदर चर्चा है कि मिथिला क्षेत्र में मैथिली ठाकुर को प्रचार अभियान का चेहरा बनाया जा सकता है।
विनोद तावड़े से मुलाकात के बाद तेज हुई अटकलें
बीजेपी में शामिल होने से पहले मैथिली ठाकुर ने हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेता और संगठन महासचिव विनोद तावड़े से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलें और तेज हो गई थीं। तब मैथिली ने कहा था कि वे हमेशा से एनडीए के समर्थन में रही हैं और बीजेपी उनकी पहली पसंद है। उन्होंने यह भी कहा था कि भले ही वे दिल्ली में काम करती हैं, लेकिन उनका दिल और आत्मा बिहार से जुड़ा है। वे बिहार के लोगों की सेवा करना और विकास में योगदान देना चाहती हैं।
कौन हैं मैथिली ठाकुर?
दरभंगा की रहने वाली मैथिली ठाकुर बिहार की लोकप्रिय लोकगायिका हैं। उन्होंने बचपन से ही संगीत की शिक्षा अपने पिता रमेश ठाकुर और दादा से प्राप्त की। उनके दो भाई भी संगीत की दुनिया में कदम रख चुके हैं। मैथिली को हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत, हारमोनियम और तबला की गहरी समझ है। उन्होंने देश-विदेश में कई मंचों पर प्रस्तुति दी है और मिथिला की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई है।
बीजेपी के लिए बड़ा चेहरा बन सकती हैं मैथिली
बीजेपी ने हाल के वर्षों में बिहार में नए और युवा चेहरों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। मैथिली ठाकुर की सादगी, लोकप्रियता और सांस्कृतिक जुड़ाव पार्टी के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकता है। मिथिला क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ से बीजेपी को स्थानीय स्तर पर नए मतदाता वर्ग को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
अगर मैथिली ठाकुर को अलीनगर सीट से टिकट मिलता है, तो यह पहली बार होगा जब बिहार की लोकसंस्कृति से जुड़ी कोई प्रसिद्ध गायिका सीधे चुनावी राजनीति में उतरेंगी। अब सबकी निगाहें बीजेपी के आधिकारिक उम्मीदवारों की सूची पर टिकी हैं।
उत्तर प्रदेश के लाखों कर्मियों के लिए खुशखबरी : सीएम योगी ने दीपावली पर दिया बड़ा तोहफा