
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक होटल में एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती होटल में अपने एक मित्र के साथ रुकी थी। युवती के ब्वॉयफ्रेंड ने युवती के भाई को फोन करके उसकी मौत की खबर दी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जनपद गाजियाबाद के डासना में स्थित होटल अनंत के कमरे में मिले शव की पहचान हापुड़ के धौलाना निवासी 23 वर्षीय शहजादी के रूप में हुई हैं। नवंबर माह में मृतक युवती शहजादी की शादी दिल्ली निवासी एक युवक के साथ होने वाली थी। विगत शुक्रवार को युवती अपने एक मित्र अजरुद्दीन के साथ शादी की शॉपिंग करने के बहाने अपने घर से आई थी और अक्टूबर की रात 11 बजे डासना के अनंत होटल में अपने साथी अजरूद्दीन के साथ रुकने के लिए पहुंची थी।
होटल स्टाफ ने उन्हें कमरा नंबर 209 अलॉट किया था। उसी कमरे में दूसरे दिन सुबह संदिग्ध अवस्था में युवती की लाश मिली। युवती के साथ होटल में रुके साथी अजरुद्दीन ने ही शहजादी के भाई दानिश को फोन कर इस संबंध में सूचना दी थी।
सूचना मिलने पर वेवसिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और होटल के कमरे में पड़े शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के भाई दानिश ने बहन शहजादी की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है और अजरुद्दीन पर हत्या का आरोप लगाया है।
उधर, अजरुद्दीन शनिवार की रात होटल में कमरे की चाभी देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।