Breaking: बरेली (उत्तर प्रदेश)। चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के दो मामलों की सुनवाई के दौरान अनुपस्थित रहने पर रामपुर की विशेष एमपी -एमएलए अदालत ने अभिनेत्री और रामपुर से पूर्व सांसद जयप्रदा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने रामपुर के पुलिस अधीक्षक को जयाप्रदा को अदालत में पेश करने का आदेश दिया है।
Breaking:
रामपुर के शासकीय अधिवक्ता अमरनाथ तिवारी ने बताया कि पूर्व सांसद व अभिनेत्री जयाप्रदा के लगातार अनुपस्थित रहने से नाराज अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने रामपुर के पुलिस अधीक्षक को जयाप्रदा को अदालत में पेश करने का आदेश दिया है। इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख नौ जनवरी तय की गई है।
पूर्व सांसद जयाप्रदा के विरुद्ध चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के दो अलग-अलग मामले 2019 में दर्ज किए गए थे। पहला मामला 18 अप्रैल, 2019 को रामपुर के कैमरी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया मिश्र में हुई एक जनसभा में अमर्यादित टिप्पणी को लेकर वीडियो निगरानी टीम के प्रभारी कुलदीप भटनागर ने दर्ज कराया था।
दूसरा मामला 19 अप्रैल, 2019 को स्वार थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव में एक सड़क के उद्घाटन का वीडियो वायरल होने पर फ्लाइंग स्क्वायड मजिस्ट्रेट नीरज कुमार ने दर्ज कराया था।