हमेशा इंतजार नहीं कर सकती, पाकिस्तानी हिरासत में कैद बीएसएफ जवान की पत्नी रजनी का छलका दर्द
BSF Jawan
भारत
चेतना मंच
27 Apr 2025 11:55 PM
BSF Jawan : गलती से सीमा पार कर पाकिस्तान की हिरासत में पहुंचे बीएसएफ जवान पीके शॉ की कहानी पूरे देश को भावुक कर रही है। उनके घर में प्रेग्नेंट पत्नी रजनी का दिल तड़प रहा है। पति की कुशलता की खबर पाने के लिए रजनी हर दरवाजा खटखटा रही हैं। वह सरकार, सेना और अधिकारियों से गुहार लगा रही हैं कि उनके पति को जल्द से जल्द घर वापस लाया जाए।
पति की चिंता में बेसुध रजनी
बीएसएफ अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि सरकार प्रयास कर रही है और तनाव से बचें, लेकिन एक पत्नी का दिल कहाँ मानता है? रजनी ने ठान लिया कि वह फिरोजपुर जाकर खुद अफसरों से बात करेंगी। अगर वहां से जवाब नहीं मिला तो वह दिल्ली जाकर सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय का रुख करेंगी। रजनी ने कहा, मैं यहां अनंतकाल तक इंतजार नहीं कर सकती। 72 घंटे से ज्यादा हो गए, मैंने उनसे कोई बात नहीं की है।
आंखों पर पट्टी बंधी तस्वीर ने बढ़ाया दर्द
रजनी की चिंता उस वक्त और बढ़ गई जब उन्होंने पाकिस्तानी मीडिया में आई एक तस्वीर देखी, जिसमें पीके शॉ की आंखों पर पट्टी बंधी थी। इस तस्वीर ने उनके डर को और गहरा कर दिया। पीके शॉ की मां देवंती देवी भी बस एक ही दुआ कर रही हैं कि उनका बेटा सही-सलामत लौट आए। प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय सांसद परिवार को भरोसा दिला रहे हैं कि सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है, और जवान की सेहत भी ठीक बताई जा रही है।