Budget 2022 Special: भाजपा के जुमले की तरह महज छलावा है बजट
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 05:03 AM
Noida : नोएडा । उत्तर प्रदेश सरकार का कल जारी आम बजट को विपक्ष दल आमजन विरोधी बता रहे हैं। उनका कहना है कि यह आम बजट भाजपा के जुमले की तरह ही है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व तीन बार नोएडा से प्रत्याशी रहे सुनील चौधरी का कहना है कि इस बजट में सब कुछ घटा है। रोजगार केवल आंकड़ों में दिखता है। यह बजट दिल्ली के बजट से जोड़कर बजट तैयार किया गया है। पिछले 5 साल में लोगों के साथ के केवल धोखा हुआ है। सवाल यह है कि किसानों की आय दुगनी कब होगी। रोजगार कब मिलेगा। जिला स्तर पर बने अस्पताल बर्बाद हो रहे हैं। यह छठा बजट है, लेकिन इस बजट में सब कुछ घटा है।
कांग्रेस के नोएडा महानगर अध्यक्ष राम कुमार तंवर का कहना है कि बजट में युवाओं को पूरी तरह से उपेक्षित किया गया है। महिलाओं के लिए कुछ नहीं है। सरकार ने एक तरह से छलावा बजट पेश किया है। लगातार दूसरी बार सरकार से बेहतर बजट की उम्मीद थी, लेकिन यह बजट प्रदेश की जनता के साथ धोखा है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह जादौन का कहना है कि यह बजट लोक कल्याणकारी न होकर लो कल्याणकारी बजट है। स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी, सड़क, रोजगार सब बजट से गायब हैं। किसान, नौजवान, महिलाएं, बच्चे किसी के हित का ध्यान नहीं रखा गया है। यह बजट महज एक छलावा है।
कांग्रेस नेत्री तथा नोएडा से पार्टी की प्रत्याशी रही पंखुड़ी पाठक का कहना है कि इस बजट में कुछ भी नया नहीं है। लगभग वही खोखली बातें दोहराई गई हैं जिन्हें योगी सरकार पिछले 5 वर्ष से हर बजट में बोलती आ रही है। महंगाई से राहत देने व रोजग़ार को ले कर सरकार के पास कोई प्लान नहीं है । दुख इस बात का भी है कि नोएडा और गौतमबुद्धनगर की प्रगति के लिए बजट में कुछ नहीं है ।
समाजवादी पार्टी के पूर्व व्यापार सभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष विपिन अग्रवाल का कहना है कि बजट में व्यापारियों की पूरी अनदेखी की गई है। महंगाई कैसे रूके इस पर कोई काम नहीं किया गया है। इसके साथ ही महिला, युवा, किसान, नौजवान सबके लिए सिर्फ निराशा वाला बजट है। सरकार ने बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर डाली लेकिन यह धरातल पर कैसे उतरेगी इसका कोई खाका इनके पास नहीं है। बजट में महंगाई और बेरोजगारी दूर करने का कोई उपाय नहीं बताया गया है जिससे आने वाला समय और भी संकट भरा होगा।
ब्राह्मण रक्षा दल के मुख्य संरक्षक, सेक्टर 22 आरडब्लूए संरक्षक व समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता पं. रवि शर्मा का कहना है कि यूपी सरकार का यह बजट घिसा पिटा व भविष्य में और महंगाई बढ़ाने वाला बजट है। सरकार ने प्रदेश की भोली-भाली जनता की आंख में धूल झोंकने का काम किया है। बजट में यह नहीं बताया गया है कि महंगाई और बेरोजगारी को कम कैसे करेंगे। यह बजट गरीबों की थाली से निवाला छीनने वाला बजट है। इससे महंगाई, बेरोजगारी और अपराध मे वृद्धि होगी। इस बजट में सब कुछ घटा है रोजगार केवल आंकड़ों में दिखता है।