
Budget 2024 नई दिल्ली : संसद में आज पेश किए गए अंतरिम बजट को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत की नींव मजबूत करने वाला बजट बताया है। उन्होंने इस बजट के लिए केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने आज बजट पेश होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट देश के चार स्तम्भों को मजबूत करेगा। इस बजट से युवा, महिला, गरीब व किसान मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट मजबूत भविष्य की गारंटी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में विश्वास का समावेश है। इसके लिए वह वित्त मंत्री को बधाई देते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह बजट विकसित भारत को समर्पित बजट है। इससे विकसित भारत की नींव मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बजट में रिसर्च और इनोवेशन के लिए 1 लाख करोड़ रूपये दिए गए हैं। वहीं रोजगार के लिए युवाओं के पास अनेक मौके होंगे। वित्तीय घाटे को भी नियंत्रित रखने के प्रयास किए गए हैं। यह बजट युवा भारत की आकांक्षाओं का बजट है।