यूपी में है दुनिया का सबसे बड़ा दरवाजा, जानें कहां है ये
Buland Darwaza
भारत
RP Raghuvanshi
19 May 2025 12:27 AM
Buland Darwaza : भारत की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल बुलंद दरवाजा, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी में स्थित है। इसे दुनिया का सबसे ऊंचा और भव्य दरवाजा माना जाता है। मुगल वास्तुकला का यह अद्वितीय नमूना 1602 ई. में मुगल सम्राट अकबर द्वारा गुजरात विजय के उपलक्ष्य में बनवाया गया था। 423 साल पहले बिना किसी क्रेन या आधुनिक मशीनों के बना 173 फीट ऊंचा स्थापत्य अजूबा है।
विशेषताएं जो इसे बनाती हैं अद्वितीय
बुलंद दरवाजा की ऊंचाई 53.63 मीटर (लगभग 173 फीट) और चौड़ाई 35 मीटर है। यह मुगल और फारसी स्थापत्य शैली की वास्तुकला का मिश्रण है। इसे बनाने में मुख्य रूप से लाल बलुआ पत्थर और संगमरमर का इस्तेमाल किया गया। दरवाजे पर सुंदर गुंबद, मीनारें, और बारीक नक़्काशी की गई है।
इतिहास की गहराई में झांकें
दरवाजे के ऊपर फारसी में शिलालेख अंकित है, जिसमें अकबर की दक्षिण भारत में विजय का उल्लेख मिलता है। खास बात यह है कि बुलंद दरवाजे पर ईसा मसीह और बाइबल की पंक्तियाँ भी उकेरी गई हैं, जो अकबर की धार्मिक सहिष्णुता और समाज में एकता की भावना को दर्शाता है। इसे बनने में लगभग 12 साल लगे थे, जो उस समय की तकनीकी सीमाओं को देखते हुए बेहद चमत्कारी माना जाता है।
बिना क्रेन बना 400 साल पुराना चमत्कार
आज से 423 साल पहले, जब आधुनिक निर्माण उपकरणों की कल्पना भी नहीं थी, तब इस जैसे विशाल और ऊंचे दरवाजे का निर्माण कर देना मुगल इंजीनियरिंग की श्रेष्ठता और अकबर की दूरदृष्टि को दर्शाता है। यह दरवाजा आज भी पूरी मजबूती से खड़ा है और लाखों सैलानियों को अपनी भव्यता से मंत्रमुग्ध करता है।