Bulandshahr News : बुलंदशहर में तेंदुए का आतंक, हमले में चार पशुओं की मौत
Leopard terror in Bulandshahr, four animals died in the attack
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:58 PM
बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर जिले के अगौता थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में तेंदुए ने 4 पशुओं को अपना शिकार बना लिया है। तेंदुए के डर से किसान रातभर अपने खेत और पशुओं की रखवाली कर रहे हैं। तेंदुए के डर से लोगों ने खेतों की ओर जाना भी बंद कर दिया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर तेंदुए को पकड़ने में जुट गई है। तेंदुए के खौफ की वजह से लोगों ने अपने बच्चों को घरों में कैद कर लिया है।
तेंदुए के डर से खेतों की ओर नहीं जा रहे ग्रामीण
बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में एक तेंदुए के कारण लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, तेंदुए ने पिछले 3 दिनों में हमला कर कई पशुओं को अपना निशाना बनाया है। इसके बाद घायल पशुओं की मौत भी हो गई। तेंदुए के आतंक के चलते ग्रामीणों में काफी दहशत का माहौल है। ग्रामीण तेंदुए से अपने पशुओं को, अपने परिवार वालों को और खेत खलियान को बचाने के लिए रातभर रखवाली कर रहे हैं। ग्रामीण अपने खेतों की ओर जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पशुओं पर हमला करने के बाद जंगल की ओर भाग गया है, लेकिन वह शिकार के लिए फिर लौट सकता है।
वन विभाग की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
जैसे ही ग्रामीणों को तेंदुए के गांव में हमला करने और जंगल की ओर भाग जाने की सूचना मिली, वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम पर आरोप लगाया कि टीम ने शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। हालांकि अब शिकायत करने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए को पकड़ने में जुट गई है।
नहीं मिले तेंदुए के पैरों के निशान
वन विभाग की टीम का कहना है कि मौके पर तेंदुए के पंजे जैसे कोई भी निशान नहीं मिले हैं, फिर भी टीम जांच में जुट गई है। जंगल में जाकर तेंदुआ या अन्य किसी भी जंगली जानवर की खोजबीन की जा रही है, ताकि आगे होने वाले किसी भी नुकसान से बचा जा सके।
उत्तर प्रदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।