UP के CM योगी ने दे डाली बड़ी चेतावनी, कहा पाताल से भी ढूंढ लेंगे अपराधी
Bulandshahr News
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 12:29 AM
Bulandshahr News उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की सेंध लगाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को यूपी पुलिस पाताल से भी ढूंढकर निकाल लेगी और उन्हें उनके सही ठिकाने पर पहुंचा देगी। मुख्यमंत्री योगी ने यह बात बुलंदशहर में आयोजित विशेष महिला सम्मेलन में कही। इस महिला सम्मेलन का आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नारी शक्ति अधिनियम पारित कराने के लिए धन्यवाद ज्ञापित करने के मकसद से किया गया था।
महिला सुरक्षा से स्थापित होगा रामराज्य
बुलंदशहर में आयोजित महिला सम्मेलन में CM योगी आदित्यनाथ ने केन्द्र व उप्र सरकार की महिलाओं से जुड़ी हुई स्वच्छ भारत योजना, उज्जवला योजना, आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं मिशन शक्ति योजना का विस्तार से वर्णन किया। अपने भाषण में CM योगी ने महिला सुरक्षा पर अधिक फोकस रखा। उन्होंने कहा कि उप्र सरकार ने 2020 में मिशन शक्ति योजना शुरू की थी। हाल ही में मिशन शक्ति योजना का चौथा संस्करण शुरू किया गया है। हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने की है। महिलाओं की सुरक्षा में जो कोई भी सेंध लगाने का काम करेगा उसे पाताल से ढूंढकर ठिकाने लगा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामराज्य की शुरूआत भी महिला सुरक्षा से होती है। जनवरी 2024 में उत्तर प्रदेश में भव्य राम मंदिर का उदघाटन होगा। इसी के साथ प्रदेश में रामराज्य की कल्पना भी साकार होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सुरक्षा है तो विकास है, सुरक्षा से ही निवेश आता है, सुरक्षा से ही रोजगार आते हैं और सुरक्षा से ही सुख एवं शांति का वातवरण बनता है।
फिल्म सिटी से बदल जाएगी तस्वीर
बुलंदशहर में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए CM योगी आदित्यनाथ ने अनेक उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर के बगल में जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन रहा है। इसके साथ ही सबसे बड़ी फिल्म सिटी की स्थापना भी जेवर एयरपोर्ट के पास हो रही है। फिल्म सिटी के बनने से देश की तमाम फिल्में जेवर में ही बनेंगी। इन फिल्मों से जहां उप्र में नए-नए कलाकार पैदा होंगे। वहीं फिल्म सिटी में रोजगार के भी तमाम अवसर पैदा होंगे। उत्तर प्रदेश के कलाकारों का नाम देश व दुनिया के पटल पर चमकेगा।Bulandshahr News
गुंडा टैक्स की याद दिलाई
महिला सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए CM योगी ने कहा कि पहले साढ़े 9 वर्षों में PM मोदी की वजह से हमने नए भारत के दर्शन किए हैं, जो भारत स्वावलंबी है, जो भारत अपने पैरों पर खड़ा है और जो भारत धड़ा-धड़ फैसले लेने के लिए प्रसिद्ध हो गया है। प.उप्र की ओर इशारा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह वही क्षेत्र है जहां रात-दिन गुंडा टैक्स वसूला जाता था। आज उसी क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उप्र देश ही नहीं दुनिया का सर्वोत्तम प्रदेश बनेगा।
Bulandshahr News
632 करोड़ की दे गए सौगात
अपने बुलंदशहर दौरे के दौरान CM योगी ने बुलंदशहर को 632 करोड़ रू0 की योजनाओं का तोहफा दिया। मुख्यमंत्री योगी ने बुलंदशहर जिले में स्थापित की जा चुकी 208 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया तथा 414 करोड़ रू0 की योजनाओं का शिलान्यास भी किया। महिला सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
दर्जनों महिलाओं को किया सम्मानित
बुलंदशहर में आयोजित महिला सम्मेलन में CM योगी ने एक दर्जन से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित किए। जिन महिलाओं को अलग-अलग योजनाओं में लाभान्वित किया गया है। उनमें से सुश्री ज्योति, प्रिया अग्रवाल, तैयबा हुसैन, कोमल, नमीशा, वर्षा देवी एवं कविता को सम्मेलन के मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। महिला सम्मेलन में पूर्व केन्द्रीय मंत्री व नोएडा के सांसद डा. महेश शर्मा, बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, भाजपा पउप्र के अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, बुलंदशहर की जिला पंचायत अध्यक्ष डा. अंतुल तेवतिया, विधायक अनिल शर्मा, देवेन्द्र लोधी, प्रदीप चौधरी एवं एमएलसी नरेन्द्र भाटी समेत बड़ी संख्या में भाजपा के नेता मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।