Bulandshahr News : 65 साल से अंधेरे में रह रही थी महिला, आईपीएस अफसर ने दी रोशनी
Woman was living in darkness for 65 years, IPS officer gave light
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 01:30 PM
बुलंदशहर। महिला आईपीएस अनुकृति शर्मा की एक पहल की हर ओर जमकर तारीफ हो रही है। महिला आईपीएस ने एक विधवा महिला की झोपड़ी में अंधकार को खत्म कर उन्हें रोशनी दी है। महिला आईपीएस ने खुद बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाकर बुजुर्ग महिला के घर में कनेक्शन लगवाया। बुजुर्ग महिला के घर में 65 साल से बिजली कनेक्शन नहीं था। बिजली आने के बाद महिला के चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई।
आईपीएस ने बुजुर्ग महिला के घर लगवाया बिजली कनेक्शन
बुलंदशहर की महिला आईपीएस अनुकृति शर्मा अगौता थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी पहुंची थीं। यहां की रहने वाली विधवा महिला नूरजहां के घर पर दशकों से बिजली कनेक्शन नहीं था। अनुकृति शर्मा ने महिला से बातचीत की और उसके बाद बिजली विभाग के अफसरों को तुरंत बुलाकर बिजली का कनेक्शन लगवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के पास कनेक्शन लगवाने के लिए पैसे नहीं थे। आईपीएस अधिकारी ने अब उस महिला की झोपड़ी में रोशनी की है। एसपी अनुकृति शर्मा ने बिजली कनेक्शन का भुगतान भी खुद किया है।
पति की मौत और बेटियों की शादी के बाद अकेली थी महिला
बुजुर्ग महिला का घर 65 साल के लंबे इंतजार के बाद रोशन हुआ है। घर में रोशनी को देखकर नूरजहां की आंखें भर आईं। नूरजहां के घर में कोई कमाने वाला नहीं है। इसी वजह से उनको आर्थिक तंगी रहती है। सरकार से मिलने वाले राशन से ही नूर जहां अपना गुजारा करती है। 8 साल पहले नूरजहां के पति की मृत्यु हो गई थी। बेटा ना होने के कारण बेटियों की शादी कर नूरजहां घर में अकेली रहती थी। महिला आईपीएस अनुकृति शर्मा की इस पहल की काफी सराहना हो रही है, उनका यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर पूरे भारत में तेजी से वायरल हो रहा है।
उत्तर प्रदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।
#BulandshahrNews #IPSOfficer