लापरवाह शिक्षक और नकलची छात्र, देश में धड़ल्ले से लीक हो रहा पेपर
Haryana Paper Leak
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:55 PM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:55 PM
Haryana Paper Leak : साल 2025 की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होते ही देशभर में पेपर लीक के मामले सामने आने लगे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। गुरुवार को हरियाणा के 12वीं अंग्रेजी का पेपर लीक होने के बाद शुक्रवार को 10वीं गणित का पेपर भी लीक हुआ। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड, मणिपुर, ओडिशा जैसे राज्यों से भी पेपर लीक की खबरें आई हैं।
लापरवाह शिक्षकों को हटाया
हरियाणा में 27 फरवरी 2025 को पुनहाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 10वीं कक्षा का गणित पेपर लीक हो गया। इस घटना के बाद एसटीएफ और फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने जांच शुरू की और दो छात्रों की मिलीभगत का खुलासा हुआ। इसके बाद, नूंह जिले के टपकन गांव से 12वीं कक्षा का अंग्रेजी पेपर लीक हो गया। इस पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव अजय चोपड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पांच छात्रों पर एफआईआर दर्ज की गई है और दो शिक्षकों को ड्यूटी में लापरवाही के कारण हटा दिया गया है।
परीक्षा की सुरक्षा पर उठा सवाल
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक टीचर ने आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर 10वीं गणित का पेपर भेज दिया, जिससे परीक्षा की सुरक्षा पर सवाल उठ गए। यह घटना परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद सुबह 9:37 बजे हुई, जब अंजू यादव नामक परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक ने पेपर को 125 अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में भेज दिया।
एमपी में पेपर लीक का झूठा दावा
मध्य प्रदेश में कुछ फर्जी ग्रुप्स ने 10वीं और 12वीं परीक्षा के पेपर लीक करने का दावा किया जिससे छात्रों के बीच भ्रम फैल गया। इंदौर क्राइम ब्रांच ने इस धोखाधड़ी की कोशिश का पर्दाफाश करते हुए छात्रों को चेतावनी दी है कि वे ऐसे फर्जी दावों से बचें। इसके अलावा ओडिशा में 10वीं साइंस के पेपर में एक गलती पकड़ी गई, जिसमें सेट-सी के पेपर में चार अंकों का सवाल गायब था। हालांकि, बोर्ड ने इस गलती को स्वीकार किया और छात्रों के नुकसान से बचने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने का वादा किया। वहीं मणिपुर में भी कक्षा 10वीं के सामाजिक विज्ञान विषय के पेपर के लीक होने की घटना सामने आई है। बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन मणिपुर (BOSEM) ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की और कड़ी कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
छात्रों को नई तारीख का करना होगा इंतजार
झारखंड में 10वीं कक्षा के हिंदी और साइंस के पेपर लीक हो गए थे, जिसके बाद झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने इन दोनों पेपरों को रद्द कर दिया। छात्रों को नई परीक्षा तिथि का इंतजार करना होगा। महाराष्ट्र के जालना जिले में 10वीं कक्षा के मराठी विषय का पेपर लीक हो गया। यह घटना परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद हुई, जिससे पूरे राज्य में परीक्षा की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे।