इकलौती बेटियों के लिए खास स्कॉलरशिप, CBSE देगा हर महीने 1000 रुपये!
भारत
चेतना मंच
21 Oct 2025 04:38 PM
CBSE Single Girl Child Scholarship 2025: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने इकलौती बेटियों के लिए एक सुनहरा मौका पेश किया है। CBSE Single Girl Child Scholarship 2025 के तहत छात्राओं को हर महीने 1000 रुपये की स्कॉलरशिप दी जाएगी। यह स्कॉलरशिप उन छात्राओं के लिए है जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं और जिन्होंने CBSE बोर्ड से कक्षा 10वीं में कम से कम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
सीबीएसई ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों को नोटिस जारी कर कहा है कि योग्य छात्राएं जल्द से जल्द आवेदन करें, क्योंकि आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर 2025 तय की गई है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से cbse.gov.in वेबसाइट पर किए जा सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस स्कॉलरशिप के लिए वही छात्राएं पात्र हैं जिन्होंने कक्षा 10वीं सीबीएसई बोर्ड से उत्तीर्ण की है और वर्तमान में किसी सीबीएसई से एफिलिएटेड स्कूल में कक्षा 11वीं या 12वीं की पढ़ाई कर रही हैं। छात्रा की ट्यूशन फीस कक्षा 11 और 12 में 3,000 रुपये प्रति माह से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं, एनआरआई छात्राओं के लिए फीस सीमा 6,000 रुपये प्रति माह रखी गई है।
इस स्कीम के अंतर्गत केवल वे छात्राएं आवेदन कर सकती हैं जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं है। इसके अलावा, 2024 में यह स्कॉलरशिप प्राप्त कर चुकी छात्राओं को अब रिन्यूअल आवेदन करना होगा।
स्कॉलरशिप राशि और जरूरी डॉक्यूमेंट
CBSE की इस खास स्कॉलरशिप स्कीम के तहत योग्य छात्राओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के दौरान जारी रहेगी।
आवेदन करते समय छात्राओं को अपने बैंक खाते की जानकारी — बैंक का नाम, खाता संख्या, IFSC कोड, बैंक का पता, RTGS या NEFT डिटेल्स — सही-सही भरनी होगी। इसके साथ ही आवेदन फॉर्म पर छात्रा के सिग्नेचर आवश्यक हैं, अन्यथा आवेदन अस्वीकार कर दिया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि और प्रक्रिया
आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जाएगी और इसकी लास्ट डेट 23 अक्टूबर 2025 तय की गई है। इच्छुक छात्राएं सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकती हैं।
सीबीएसई ने स्कूलों से अपील की है कि वे eligible छात्राओं को इस स्कॉलरशिप स्कीम की जानकारी दें ताकि ज्यादा से ज्यादा इकलौती बेटियों को इसका लाभ मिल सके।
CBSE की Single Girl Child Scholarship 2025 न केवल छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रेरित करेगी, बल्कि यह देश में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अगर आप अपने माता-पिता की इकलौती बेटी हैं और आवश्यक पात्रता पूरी करती हैं, तो यह मौका बिल्कुल न गंवाएं।
दिवाली के बाद आरबीआई दे सकता है तोहफा, होम-कार लोन में दिख सकता है असर