चंदन मिश्रा हत्याकांड: आरा में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, दो ढेर
Chandan Mishra Murder Case
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 05:25 AM
Chandan Mishra Murder Case: चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने मंगलवार को आरा जिले में दो शॉर्प शूटरों को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों को गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का दावा है कि ये दोनों आरोपी पटना के पारस हॉस्पिटल के बाहर हुई हत्या में शामिल थे।
भोजपुर में छिपे थे शूटर
सूचना मिली थी कि चंदन मिश्रा हत्याकांड में शामिल शूटर भोजपुर जिले में छिपे हुए हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों से दोनों आरोपी घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान रविरंजन सिंह और बलवंत सिंह के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती हैं और इनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि ये पेशेवर शॉर्प शूटर हैं और हत्या के वक्त घटनास्थल पर मौजूद थे।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं पांच अन्य आरोपी
इससे पहले इसी हत्याकांड में पुलिस ने पांच आरोपियों को कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार किया था। छापेमारी के दौरान उन्हें सैटेलाइट टाउनशिप के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स से पकड़ा गया था। जांच में सामने आया कि ये पांचों आरोपी हत्यारों को सामग्री और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध करा रहे थे। एक आरोपी को फ्लैट के बाहर से हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उससे मिली जानकारी के आधार पर दो फ्लैटों में छिपे चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। बताया गया कि ये आरोपी न सिर्फ हत्यारों को पनाह दे रहे थे, बल्कि उनके आने-जाने और संचार में भी मदद कर रहे थे।
हत्या के बाद भागने के लिए जिन वाहनों का इस्तेमाल किया गया था, उन्हें सीसीटीवी फुटेज में ट्रैक किया गया। सफेद रंग की एक कार को बसंती हाईवे, आनंदपुर, कोलकाता लेदर कॉम्प्लेक्स और भांगर थाना क्षेत्र में गुजरते देखा गया था जिससे पुलिस को बड़ी सुराग मिली। फिलहाल पुलिस इन सभी आरोपियों की कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट्स की जांच कर रही है ताकि हत्या की साजिश से जुड़े हर पहलू को उजागर किया जा सके।