पटना में अपराधियों का ‘रावण राज’! ICU में हत्या और सड़कों पर पिस्टल डांस
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 04:07 AM
Chandan Mishra Murder Case : पटना का चंदन मिश्रा हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में है। अब इस सनसनीखेज वारदात से जुड़ी एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसने पुलिस और जनता दोनों को चौंका दिया है। तस्वीर में आरोपी हत्या के तुरंत बाद बाइक पर सवार होकर भागते नजर आ रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी बेखौफ होकर हवा में पिस्टल लहराते हुए दिख रहा है जैसे कि उसने कोई जश्न मनाने लायक काम किया हो।
यह तस्वीर पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जब आरोपी पारस अस्पताल से निकलकर फरार हो रहे थे। इससे पहले अस्पताल के अंदर की सीसीटीवी फुटेज वायरल हुई थी, जिसमें पांचों हमलावर ICU में दाखिल होते और गोली चलाते नजर आए थे।
ICU में घुसकर की थी हत्या
घटना गुरुवार सुबह की है, जब पटना के पारस अस्पताल के ICU के कमरे नंबर 209 में भर्ती कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा को पांच बदमाशों ने गोली मार दी थी। चंदन की मौके पर ही मौत हो गई थी। वह खुद भी एक समय में कुख्यात अपराधी रहा है, जिस पर 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
पिस्टल लहराते हुए आरोपी की तस्वीर बनी सुराग
नई तस्वीर में तीन बदमाश बाइक पर सवार हैं। आगे बैठा युवक हेलमेट लगाए हुए है, जबकि पीछे दो लोग बिना किसी डर के बैठे हैं। इन तीनों में से एक के हाथ में पिस्टल साफ नजर आ रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस तस्वीर से उन्हें अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
तौसीफ बादशाह गिरफ्तार
अब तक पुलिस ने तौसीफ रजा उर्फ 'बादशाह' को गिरफ्तार किया है, जो फुलवारी शरीफ का रहने वाला है। पुलिस को शक है कि तौसीफ ने इस हत्याकांड को लीड किया था। यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह हत्या किसी सुपारी के तहत करवाई गई थी या फिर आपसी रंजिश का नतीजा थी। अन्य आरोपी हैं आकिब मालिक, सोनू, कालू उर्फ मुस्तकीम और भिंडी उर्फ बलवंत सिंह। फिलहाल ये सभी फरार हैं। पुलिस ने इनकी लोकेशन ट्रेस कर ली है और लगातार छापेमारी की जा रही है।
जल्द ही होगी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी!
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बयान दिया है कि चंदन की हत्या वर्चस्व की लड़ाई का हिस्सा हो सकती है। पुलिस सभी आरोपियों की पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाल रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
क्या तौसीफ पेशेवर सुपारी किलर है?
सूत्रों का दावा है कि तौसीफ बादशाह पर पहले भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या तौसीफ पटना और अन्य इलाकों में कुख्यात अपराधियों के लिए शूटर का इंतजाम करता था या खुद ही सुपारी लेकर हत्या करता था। इस पूरी वारदात ने एक बार फिर बिहार में अपराध और अपराधियों के दुस्साहस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल जैसी सुरक्षित जगह में हत्या और उसके बाद खुलेआम पिस्टल लहराना, यह साफ इशारा करता है कि अपराधियों को कानून का खौफ कम होता जा रहा है। पुलिस के लिए यह मामला सिर्फ एक हत्या नहीं बल्कि पूरे सिस्टम की चुनौती बन गया है।