Chhattisgarh news: छत्तीसगढ़ में महिला माओवादी गिरफ्तार
Chhattisgarh news
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:11 PM
Chhattisgarh news: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने छत्तीसगढ़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। महिला 2021 में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले से जुड़े एक मामले में वांछित थी, जिसमें 22 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी और 30 अन्य घायल हो गए थे। एनआईए के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
Chhattisgarh news
प्रवक्ता ने कहा कि बीजापुर जिले के मुथमदगु निवासी मडकम उनगी उर्फ कमला को रविवार को छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया और बाद में जगदलपुर में एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया।
एनआईए के अधिकारी ने बताया कि महिला को एनआईए-रायपुर ने 2021 में बीजापुर के टेकलगुडियाम गांव के पास पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों पर हथियारबंद सीपीआई (माओवादी) के सदस्यों द्वारा किए गए हमले से संबंधित एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। इस हमले में 22 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी और 30 अन्य घायल हो गए थे।
प्रवक्ता ने कहा कि यह मामला शुरू में बीजापुर जिले के तर्रेम थाने में दर्ज किया गया था और बाद में एनआईए ने पांच जून, 2021 को फिर से इसे दर्ज किया था। जांच के दौरान, एनआईए ने कहा कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक वांछित महिला माओवादी बीजापुर जिले के भोपालपटनम इलाके में छिपी हुई है।
एजेंसी ने कहा कि तुरंत रायपुर से एनआईए की टीम को बुलाया गया और महिला को पकड़ने के लिए एक अभियान के तहत तैनात किया गया। प्रवक्ता ने कहा कि आगे की जांच जारी है।