
पत्रकारों से बातचीत में अनंत सिंह ने RJD और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा - विपक्ष पूरी तरह हताश है। हारते-हारते उनकी सांस फूल गई है। अब उनके पास कहने को कुछ नहीं बचा है। जनता अब उन्हें गालियां दे रही है, लेकिन उन्हें शर्म नहीं आती। तेजस्वी को इस बार 15 सीट भी नसीब नहीं होंगी। जो हारने वाले होते हैं, क्या वो पहले से कहते हैं कि हारेंगे ? बता दें कि पटना से मोकामा तक के सफर में अनंत सिंह का कारवां किसी शो ऑफ फोर्स से कम नहीं था। सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, जगह-जगह स्वागत और समर्थकों की भारी भीड़ ने यह साफ कर दिया कि 'छोटे सरकार' की पकड़ अभी भी बरकरार है। रास्ते भर उनके समर्थक 'अनंत सिंह जिंदाबाद' के नारे लगाते रहे।
अनंत सिंह आज पटना से बख्तियारपुर, अथमलगोला और बाढ़ होते हुए मोकामा पहुंचेंगे। यहां वे परशुराम स्थान में पूजा-अर्चना करेंगे और फिर बड़हिया के मां महारानी मंदिर जाकर आशीर्वाद लेंगे। अंत में वे अपने पैतृक गांव नदवां जाएंगे, जहां वे जनता को संबोधित कर चुनावी संदेश देंगे। उन्होंने अपील की है - इस बार लालू की पार्टी का जमानत जब्त करा दो।
गौरतलब है कि अनंत सिंह पर सोनू और मोनू नामक युवकों के घर पर फायरिंग कराने का गंभीर आरोप था, जिसके चलते वे काफी समय से बेऊर जेल में बंद थे। मंगलवार को पटना हाईकोर्ट ने उन्हें कुछ शर्तों के साथ जमानत दी। अदालत ने कहा कि केस डायरी और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। शर्तों में न्यायिक प्रक्रिया में नियमित उपस्थिति और किसी आपराधिक गतिविधि से दूरी बनाए रखना शामिल है। Anant Singh