बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान दर्ज किया गया है, जिसने पूरे राज्य का इतिहास रच दिया है। गुरुवार (6 नवंबर 2025) को हुए इस मतदान में बिहार में वोटिंग प्रतिशत 64.66% रहा, जो अब तक का सबसे अधिक है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए जनता का धन्यवाद किया।

बता दे कि नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में देशवासियों का धन्यवाद देते हुए कहा कि पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के लिए बिहार के लोगों का हृदय से धन्यवाद। पिछले वर्षों में बिहार ने अभूतपूर्व तरक्की की है। अब समय है बिहार को सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने का। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण में भी इसी जोश और उमंग के साथ मतदान करें ताकि बिहार और आगे बढ़ सके।
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि इस ऐतिहासिक मतदान से यह सुनिश्चित हो गया है कि पार्टी 2010 के मुकाबले बेहतर नतीजे लाएगी। उन्होंने कहा कि देखिए, यह अभूतपूर्व मतदान है और इससे साबित होता है कि बिहार पिछली बार से अधिक मतदान कर रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जोड़ी ने बिहार का कायाकल्प किया है।
वहीं, जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि करारी हार देखकर विपक्ष के हौसले पस्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग मतदान के दौरान आरोप लगा रहे थे कि चुनाव आयोग स्लो मतदान कर रहा है। लेकिन जब शाम को आंकड़ा आया कि बिहार में मतदान ऐतिहासिक था, तो विपक्ष की उम्मीदें धरी की धरी रह गईं।
बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुए हैं, जिससे जनता का उत्साह और सरकार का आत्मविश्वास दोनों ही बढ़े हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता का धन्यवाद किया और आगामी चरण के लिए मतदान की अपील की है। इस मतदान से विपक्षी दलों की उम्मीदें ध्वस्त हो गई हैं, जबकि पार्टी का दावा है कि वे 2010 से बेहतर नतीजे लेकर आएंगे। बिहार में लोकतंत्र का यह उत्साह पूरे राज्य में नई उम्मीदें जगा रहा है।