Child Crime : एनसीआर की सड़कों पर चल रहे हैं तो हो जाइए सावधान
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:03 AM
New Delhi : नई दिल्ली। अगर आप राजधानी दिल्ली या एनसीआर के शहरों की सड़कों पर चल रहे हैं तो सावधान हो जाइए। अब खतरा सिर्फ माफिया या गैंगस्टर से नहीं, बल्कि किशोरों से भी है। छोटी सी बात पर वे आगबबूला होकर किसी की भी जान ले सकते हैं। लगभग एक हफ्ता पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बेहद मामूली बात पर 12 साल के दो बच्चों ने 10 साल के एक बच्चे की जमकर पिटाई की और उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। अब राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिले के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में मात्र 20 रुपये के लिए 14 वर्षीय छात्र की बीच बाजार चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने किशोर को 14 से 15 बार चाकू से गोदा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो किशोरों को पकड़ लिया, जहां से उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
पुलिस अफसरों के अनुसार ट्रांजिट कैंप, गोविंदपुरी निवासी रेहान सरकारी स्कूल नंबर-2 में आठवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता स्क्रैप डीलर हैं, जबकि इसी इलाके के रहने वाले दो किशोर और रेहान के दो दोस्त डीडीए फ्लैट्स, कालकाजी स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। आरोप है कि रेहान ने दो दिन पहले आरोपी किशोर से 20 रुपये ले लिए थे और उसकी पिटाई कर दी थी। इस बात पर आरोपी नाबालिग गुस्से में था। रेहान 14 व 16 वर्ष के दो दोस्तों के साथ ओखला एस्टेट में साप्ताहिक बाजार में कुछ खरीदारी करने गया था। तभी आरोपी किशोर (14) अपने दोस्त (17) के साथ वहां पहुंच गया। 17 वर्ष वाले आरोपी ने रेहान की पीछे से गर्दन पकड़ ली और 14 वर्षीय किशोर ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद 17 वर्षीय किशोर ने भी कई बार रेहान को चाकू से गोदा। बताया जा रहा है कि दोनों ने 14 से 15 वार किए। यह देखकर रेहान के दोस्त डरकर दूर हो गए। मौके पर पहुंची पीसीआर ने रेहान का मौके पर प्राथमिक उपचार किया और फिर मजीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपियों को पकड़ने के लिए एसीपी कालकाजी प्रदीप कुमार की देखरेख में गोविंदपुरी थानाध्यक्ष जगदीश यादव की टीम गठित की गई। इस टीम ने दोनों आरोपी को इलाके से पकड़ लिया।