सूखे का जायजा लेने निकले सीएम नीतीश बारिश में फंसे, करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:53 PM
Patna : पटना। बारिश न होने से भीषण सूखे का सामना कर रहे इलाके का हवाई सर्वेक्षण करने निकले सीएम नीतीश कुमार के हेलीकॉप्टर को खराब मौसम के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। वह पांच जिलों में सूखे की स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को पटना से निकले थे, लेकिन खराब मौसम की वजह से उनके हेलीकाप्टर को गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।
सीएम नीतीश कुमार पटना से राज्य में सूखे की स्थिति का जायजा लेने के लिए निकले थे। वे जहानाबाद, अरवल समेत अन्य जिलों का हवाई सर्वेक्षण करने वाले थे, लेकिन अचानक मौसम खराब हो गया। इस वजह से हेलीकाप्टर की गया में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। मुख्यमंत्री के गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर होने की सूचना से एकाएक जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई। सूचना पर जिलाधिकारी डा. त्यागराजन, एसएसपी हरप्रीत कौर व अन्य अधिकारी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। उसके बाद आनन-फानन जगह-जगह पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की गई। विशेष सुरक्षा व्यवस्था और कारकेट के बीच सीएम कुमार सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि इस बार बिहार में मानसून के दौरान कम बारिश हुई है। इससे प्रदेश में सूखे जैसे हालात बन गए हैं। कम बारिश की वजह से कई जिलों में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। सूखे के हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री पांच जिलों का हवाई सर्वेक्षण करने के लिए पटना से हेलीकाप्टर से निकले थे।