CM सिद्धारमैया का निधन! मेटा टूल की भारी चूक से मचा बवाल
National News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:24 PM
National News : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सोशल मीडिया कंपनी मेटा (Meta) के ऑटो ट्रांसलेशन टूल से खासे नाराज हैं। वजह है एक गंभीर गलती, जिसमें मेटा के अनुवाद फीचर ने उन्हें ही दिवंगत घोषित कर दिया।
दरअसल, सोमवार को सीएम सिद्धारमैया ने दक्षिण भारतीय फिल्मों की दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर शोक जताते हुए कन्नड़ भाषा में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर एक संवेदना पोस्ट किया था। लेकिन मेटा के ऑटो ट्रांसलेशन फीचर ने इस पोस्ट का अंग्रेजी अनुवाद करते हुए भारी चूक कर दी। अंग्रेजी में अनुवाद के बाद पोस्ट कुछ इस तरह दिखा-"Chief Minister Siddaramaiah passed away yesterday..."
मुख्यमंत्री ने जताई कड़ी आपत्ति
यह देखकर खुद मुख्यमंत्री चौंक गए और उन्होंने मेटा को सार्वजनिक रूप से टैग करते हुए कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि, "मेटा प्लेटफॉर्म्स पर कन्नड़ कंटेंट का दोषपूर्ण ऑटो-ट्रांसलेशन न केवल तथ्य बिगाड़ रहा है, बल्कि यह आम जनता को भ्रमित भी कर रहा है। यह स्थिति खास तौर पर आधिकारिक संवाद में बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।"
सलाहकार ने लिखा मेटा को पत्र
इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के.वी. प्रभाकर ने 16 जुलाई को मेटा को एक ईमेल भेजकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अनुरोध किया कि जब तक इस ट्रांसलेशन टूल की शुद्धता सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक इसे कन्नड़ भाषा के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाए।
हो सकते हैं गंभीर परिणाम
सिद्धारमैया ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि ऐसी गलतियां केवल व्यक्तिगत छवि को नुकसान नहीं पहुंचातीं, बल्कि आधिकारिक सूचनाओं और लोकतांत्रिक संवाद की विश्वसनीयता पर भी असर डालती हैं। फिलहाल इस मामले पर मेटा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भारतीय भाषाओं के साथ हो रही तकनीकी लापरवाहियों को उजागर करती है।