पोस्ट के साथ उन्होंने पेज से जुड़ी तस्वीर भी शेयर की। उन्होंने लिखा, “उन्होंने 'कॉकरोच जनता पार्टी' का ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल हटा दिया। कितने बड़े डरपोक हैं!”

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने स्वतंत्रता दिवस के दिन ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज डाउन होने पर नाराजगी जताई है। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पेज का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए पेज हटाए जाने पर नाराजगी जताई और ऐसा करने वालों को ‘डरपोक’ बताया। अभिजीत दीपके ने सुबह X पर पोस्ट करते हुए कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल हटा दिया गया है। पोस्ट के साथ उन्होंने पेज से जुड़ी तस्वीर भी शेयर की। उन्होंने लिखा, “उन्होंने 'कॉकरोच जनता पार्टी' का ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल हटा दिया। कितने बड़े डरपोक हैं!”
इंस्टाग्राम पेज डाउन होने की जानकारी देने से पहले अभिजीत दीपके ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक तस्वीर भी शेयर की थी। यह तस्वीर नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़ी थी। तस्वीर में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई दिखाई गई थी। इसे शेयर करते हुए दीपके ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि यह तस्वीर इस बात की याद दिलाती है कि देश को अभी भी एक लंबा सफर तय करना है।
कॉकरोच जनता पार्टी का नाम उस समय चर्चा में आया जब अभिजीत दीपके ने भारत के मुख्य न्यायाधीश CJI सूर्यकांत के एक बयान पर विरोध जताते हुए सोशल मीडिया पर CJP के नाम से पेज बनाया था। इसके बाद Instagram और X पर कॉकरोच जनता पार्टी के पेज तेजी से चर्चा में आए। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़े और पार्टी के पोस्ट को भी काफी प्रतिक्रिया मिली। बाद में अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत लौटे और नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया था।
नीट पेपर लीक के मुद्दे से आगे बढ़ते हुए CJP ने अब सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर अभियान शुरू करने की तैयारी की है। अभिजीत दीपके ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपने गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करने की बात कही है। इस अभियान के जरिए ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को उठाया जाएगा। CJP का कहना है कि स्कूलों में बच्चों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए और स्थानीय स्तर पर उनकी स्थिति की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
दिल्ली से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि वह अपने गांव से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने स्थानीय सरपंच से सरकारी स्कूल की मरम्मत कराने और बच्चों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बेंच और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मौजूद होनी चाहिए। इसके लिए CJP की टीमें अलग-अलग गांवों में जाएंगी और स्थानीय लोगों तथा सरपंचों से स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाने की अपील करेंगी। दीपके के मुताबिक, इस अभियान का मकसद सिर्फ शिकायत करना नहीं है बल्कि स्थानीय लोगों को साथ लेकर सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार करना है।
विज्ञापन