Congress Protest: राहुल गांधी ने कहा, "कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के बारे में जवाब मांगने के लिए हम पीएम मोदी के घर तक मार्च कर रहे हैं।

Congress Protest: प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी धरने में शामिल उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
इससे पहले PMO में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से मुलाक़ात की और उनसे पीएम आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन खत्म करने का आग्रह किया। कुछ देर राहुल को समझाने के बाद जितेंद्र सिंह वहां से चले गए और एक्स पर इस संबंध में एक लंबी पोस्ट लिखी। उन्होंने राहुल गांधी पर अपनी बात से मुकर जाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने कहा कि जब तक स्टूडेंट्स को इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक पीएम हाउस के बाहर धरना जारी रहेगा। इसके कुछ ही समय बाद सुरक्षाकर्मियों ने कांग्रेस नेताओं को पीएम हाउस के बाहर से हटाना शुरू कर दिया।
"राहुल गांधी को कहां ले जाया जा रहा है"
पीटीआई के मुताबिक कांग्रेस नेताओं को लोक कल्याण मार्ग से ले जाए जाने के बाद, पार्टी नेता पवन खेड़ा ने कहा, "हमारे नेताओं और हम सभी को अलग-अलग बसों में बिठाकर ऐसी जगहों पर ले जाया जा रहा है, जिनके बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है। वे हमें यह नहीं बता रहे हैं कि हमें कहां ले जाया जा रहा है। हमें नहीं पता कि राहुल गांधी को कहां ले जाया जा रहा है और न ही यह पता है कि प्रियंका गांधी को कहां ले जाया जा रहा है।"
इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पोस्ट किया, "कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के बारे में जवाब मांगने के लिए हम पीएम मोदी के घर तक मार्च कर रहे हैं। सरकार न तो कोई ज़िम्मेदारी लेना चाहती है और न ही इस पर संसद में बहस करना चाहती है। भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए पीएम और गृह मंत्री को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए।"
कांग्रेस सांसदों को लिया हिरासत में
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, "अगर सांसदों का यह हाल है, तो सोचिए छात्रों का क्या हाल हो रहा होगा..."
विरोध प्रदर्शन करते कुछ सांसदों को सुरक्षाबलों ने हटाया। सुरक्षाकर्मी कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को हटाते नजर आए। उन्होंने इसी दौरान मीडिया से बात करेत हुए कहा, "वे (सरकार) छात्रों की बात नहीं सुनते। यह गुंडागर्दी है, सरासर बदमाशी है। यह मनमानी के अलावा और कुछ नहीं है।"
विज्ञापन