MP News : कांग्रेस ने नहीं किया मध्य प्रदेश का विकास : शिवराज सिंह चौहान
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:34 PM
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री (CM) शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने शनिवार को कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर जमकर बरसे। कहा, जब रतलाम और मध्यप्रदेश का विकास नहीं कर सकते थे तो कुर्सी पर क्यों बैठे। रतलाम और देवास में रोड शो बाद जनसभा (Public Meeting) को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और रतलाम का कभी विकास नहीं किया। हमारी भाजपा सरकार ने रतलाम को मेडिकल कॉलेज दिया। रतलाम के विकास के लिए मैं खजाने का मुंह खोल दूंगा। धन की कमी कभी आड़े नहीं आने दूंगा। उन्होंने कहा कि रतलाम में घर-घर पेयजल और सीवेज सिस्टम को दुरुस्त करके नागरिक सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा। रतलाम में 18,000 करोड़ रुपये के उद्योग आएंगे, जिससे 25,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रतलाम की जनता मेरे रोम-रोम में बसी है। आप दिल पर हाथ रखकर जवाब देना कि विकास के जितने काम भाजपा ने रतलाम में किए हैं, कभी कांग्रेस ने किए? उन्होंने कहा कि कमलनाथ से जब विकास की बातें की जातीं, तो कहते थे 'मामा खजाना खाली कर गया। जब प्रदेश का विकास नहीं कर सकते तो कुर्सी पर बैठ ही क्यों गए थे। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने तो गरीबों के कल्याण की योजनाएं बंद कर दी थीं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ मुख्यमंत्री थे, तब केवल पैसों के अभाव का रोना रोते रहते थे, उन्होंने रतलाम के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। मेरे पास रतलाम के विकास के लिए पैसों की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि रतलाम सेव, सोना, साड़ी, शिव जी और काली मैया की पवित्र भूमि है।
भाजपा नेता ने कहा कि रोजगार को बढ़ावा देने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना शुरू की तो ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मैंने सीएम स्ट्रीट वेंडर योजना शुरू की, जिसका लाभ गरीब तबके को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हम रतलाम में पुल, पुलिया भी बनाएंगे। सीएम राइज स्कूल भी बनायेंगे, विकास के सारे काम भी करेंगे और जनता की जिंदगी भी बनाने का काम करेंगे।