कांग्रेस अधिवेशन में 'न्याय पथ' प्रस्ताव पारित किया गया, लिया संकल्प
Congress Session
भारत
RP Raghuvanshi
10 Apr 2025 12:40 AM
Congress Session : गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित कांग्रेस अधिवेशन में 'न्याय पथ' प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसमें पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता, ध्रुवीकरण, और संविधान पर हो रहे हमलों के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया है। इस अधिवेशन में कांग्रेस ने 'न्याय पथ' पर चलने का संकल्प लिया है, जिससे पार्टी समाज के सभी वर्गों के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रस्ताव की मुख्य बातें :
1. संविधान की रक्षा : कांग्रेस ने संविधान की मूल भावनाओं की रक्षा का संकल्प लिया है, जिसमें सभी नागरिकों को समानता, न्याय और बराबरी का अधिकार दिया गया है। पार्टी का मानना है कि वर्तमान सरकार संविधान पर सीधा हमला कर रही है।
2. धर्मनिरपेक्षता पर जोर : सरदार पटेल के विचारों का उल्लेख करते हुए, कांग्रेस ने धर्मनिरपेक्षता में अपने अमिट विश्वास को दोहराया है और आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार समाज में धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास कर रही है।
3. महिला सशक्तीकरण : पार्टी ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं और नगर पालिकाओं में एक-तिहाई आरक्षण देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है और महिला आरक्षण विधेयक को शीघ्र लागू करने की मांग की है।
4. किसानों के अधिकार : कांग्रेस ने न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी अधिकार देने और किसान कर्जमुक्ति की दिशा में निर्णायक कदम उठाने का वादा किया है।
5. आर्थिक नीतियां : पार्टी ने आरोप लगाया है कि वर्तमान सरकार की नीतियां मुट्ठीभर लोगों के आर्थिक हित साधने वाली हैं और कांग्रेस समावेशी विकास व आर्थिक उदारीकरण की नीतियों के माध्यम से आर्थिक मजबूती लाने का प्रयास करेगी।
6. विदेश नीति : कांग्रेस ने विदेश नीति को व्यक्तिगत ब्रांडिंग और स्वार्थ सिद्धि से दूर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है और चीन द्वारा पूर्वी लद्दाख में भारतीय भूमि पर कब्जे का मुद्दा उठाया है।