जस्टिस अरुण मिश्र द्वारा अमित शाह की तारीफ पर बढ़ा विवाद
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 03:46 AM
नईदिल्ली। मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अरुण मिश्र द्वारा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तारीफ पर विवाद गरमा गया है। पूर्व आप नेता व सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील प्रशांत भूषण ने इसकी निंदा करते हुए न्यायमूर्ति को कटघरे में खड़ा किया है।
प्रशांत भूषण ने ट्वीट कर कहाकि सुप्रीम कोर्ट के न्यायधीश रहते मिश्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। अब उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह की तारीफ कर नई गिरावट का संकेत दिया है। उन्होंने कहाकि न्यायमूर्ति मिश्र राष्ट्रीय मानवाधिकार के अध्यक्ष जैसे बेहद महत्वपूर्ण पद पर बैठे हैं। लेकिन उनके आचरण को देखते हुए उनसे देश के मानवाधिकारों की रक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
बतादें कि कल राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के 28 वीं स्थापना दिवस पर बोलते हुए न्यायमूर्ति मिश्र ने अमित शाह की जी भर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि अमित शाह की ओर किए गए प्रयासों के चलते ही जम्मू-कश्मीर व उत्तर- पूर्व के इलाको में शांति का नया अध्याय लिखा गया है। मिश्र यहीं रुके बल्कि यहां तक कह दिया कि वे अमित शाह का स्वागत करते हुए खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इसी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि कुछ लोग मानवाधिकार के नाम पर देश की छवि खराब करने की कोशिश में लगे हैं। सियासी नफा-नुकसान के ताराजू में मानवाधिकारों को तोलना लोकतंत्र के लिए नुकसानदेह है। प्रधानमंत्री के साथ ही अमित शाह ने भी इस समारोह में हिस्सा ले मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहाकि उनके अगुवाई में समाज के पिछड़े,गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण के दिन-रात काम हो रहा है।