विज्ञापन
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, जेडीयू स्पीकर पद छोड़ने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए उसने भाजपा के सामने एक बड़ी शर्त रखी है।

बता दें कि जेडीयू चाहती है कि अगर भाजपा स्पीकर पद संभाले, तो राज्य में केवल एक ही डिप्टी सीएम बने। पार्टी दो डिप्टी सीएम की व्यवस्था नहीं चाहती। नई सरकार का शपथ ग्रहण 20 नवंबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होने वाला है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा आज (18 नवंबर) गांधी मैदान पहुंचे और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।
बता दे कि बुधवार (19 नवंबर) को बिहार में बीजेपी विधायक दल की बैठक होने वाली है। इस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को इस बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। बैठक पटना स्थित भाजपा कार्यालय में सुबह 10 बजे शुरू होगी। इसी दिन एनडीए के विधायक दल की बैठक भी हो सकती है, जिसमें विधायक दल के नेता का चुनाव होगा। चुने गए नेता राज्यपाल को विधायकों के हस्ताक्षर वाला पत्र सौंपकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। एनडीए में जेडीयू और भाजपा के अलावा चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी भी शामिल हैं।
बता दें कि सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा और जेडीयू में सहमति हो चुकी है। नीतीश कुमार का नाम सीएम पद के लिए फाइनल माना जा रहा है। हालांकि, सरकार में अन्य मंत्रालयों को लेकर अभी भी चर्चा जारी है। उल्लेखनीय है कि उपेंद्र कुशवाहा, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी ने पहले ही नीतीश कुमार के नाम पर सहमति दे दी है।
विज्ञापन