अब जंगल में लगेगा डिजिटल तड़का, कॉर्बेट में जंगल की सैर बस एक स्कैन पर
Corbett Tiger Reserve
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:42 AM
Corbett Tiger Reserve : उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का धनगढ़ी गेट इंटरप्रिटेशन सेंटर अब पूरी तरह डिजिटल हो गया है। जंगल की दुनिया में अब तकनीक की हलचल है न लंबी लाइनें, न मैन्युअल टिकटिंग बस QR कोड स्कैन कीजिए और मोबाइल पर टिकट पाइए। यह पहल डिजिटल इंडिया मिशन (Digital India Mission) के तहत पर्यटकों के अनुभव को आसान, पारदर्शी और कागज-रहित बनाने के मकसद से शुरू की गई है। अब लोग UPI पेमेंट के जरिए डिजिटल टिकट ले सकते हैं, जिससे न केवल समय बचेगा, बल्कि सिस्टम में पारदर्शिता भी आएगी।
अब टिकटिंग हुई स्मार्ट
अब तक इस सेंटर में टिकट मैन्युअली मिलते थे जिससे पर्यटकों को अक्सर लंबा इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब, पर्यटक सेंटर गेट पर लगे QR कोड को स्कैन कर सीधा UPI से भुगतान करके टिकट मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं। एंट्री पर तैनात कर्मचारी उस टिकट को स्कैन करके उन्हें अंदर प्रवेश देंगे। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पार्क वार्डन अमित ग्वासाकोटी ने बताया कि, हर साल यहां करीब 80,000 से ज्यादा पर्यटक आते हैं, जिससे सरकार को करीब 75–80 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। डिजिटल व्यवस्था के जरिए न केवल पारदर्शिता आएगी बल्कि यह पर्यटकों की यात्रा को भी सुगम बनाएगी। पर्यटक अब एक सप्ताह पहले तक टिकट की अग्रिम बुकिंग भी कर सकते हैं जिससे योजना बनाना और भी सुविधाजनक हो गया है।
जानिए टिकट दरें
भारतीय नागरिक: ₹100
विदेशी नागरिक: ₹200
12–18 वर्ष के बच्चे: ₹25
छात्र (ID कार्ड के साथ): ₹50
वरिष्ठ नागरिक: ₹50
देश का पहला डिजिटल वन्यजीव इंटरप्रिटेशन सेंटर
यह भारत का पहला वन्यजीव इंटरप्रिटेशन सेंटर है, जो पूरी तरह डिजिटल है और यहां बाघ, तेंदुआ, हाथी, भालू, हिरण समेत कई वन्यजीवों के बारे में जानकारी रोचक तरीके से दी जाती है। यहां मौजूद 36 सीटों वाला 3D थिएटर जंगल का अनुभव ऐसा कराता है जैसे आप असल में जंगल में ही हों। स्क्रीन पर वन्यजीवों से लेकर, जंगल की ध्वनियों तक — सब कुछ इतना जीवंत दिखता है कि बच्चे और बड़े, सभी मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।
सेल्फी जोन और साउंड इफेक्ट्स
यहां बना सेल्फी जोन पर्यटकों के लिए एक खास आकर्षण है, जहां बाघ और पक्षियों की आकृतियों के साथ फोटो लेना एक यादगार अनुभव बन जाता है। इसके अलावा, रात के जंगल की ध्वनियों को सुनने का विशेष अनुभव भी सेंटर में शामिल किया गया है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का यह कदम न केवल पर्यटन को आधुनिक बना रहा है, बल्कि यह डिजिटल उत्तराखंड और डिजिटल इंडिया की दिशा में एक प्रेरणादायक मिसाल भी पेश कर रहा है। Corbett Tiger Reserve