बिहार में फूटा कोरोना बम, मिले 11 कोविड पॉजिटिव, अब तक हजारों लोगों के संपर्क में आ चुके ये लोग
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 09:58 PM
Covid 19 Update- 2 साल तक पूरे विश्व में तबाही मचा चुका कोरोना वायरस एक बार फिर लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। चीन में लगातार बढ़ रहे कोरोना के कैसे पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। अब भारत के बिहार राज्य से कोरोना से जुड़ी एक बुरी खबर सामने आई है। यहां एक साथ 11 कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है।
खबरों के मुताबिक बिहार के बोधगया में दलाई लामा के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे 11 विदेशी यात्रियों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इंग्लैंड, म्यांमार और थाईलैंड देशों से 24 दिसंबर को विमान से बोधगया पहुंचने वाले इन विदेशी यात्रियों में से रविवार की दोपहर चार विदेशियों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने की बात सामने आई थी। शाम तक यह आंकड़ा 11 पर पहुंच गया।
कोरोना संक्रमितो की ट्रैवल हिस्ट्री ने उड़ाई स्वास्थ्य विभाग की नींद -
एक साथ, एक ही जगह पर कोविड के 11 नए मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। लेकिन इससे भी अधिक परेशान करने वाली बात यह है कि रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पहले यह सभी विदेशी बोधगया में घूम रहे थे और अब तक हजारों लोगों के संपर्क में आ चुके हैं। इसके साथ ही पूरी यात्रा के दौरान इन्होंने न जाने कितने लोगों को अपने संपर्क में लिया होगा। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं इन 11 कोरोना संक्रमितो ने संक्रमण की एक बड़ी चेन न बना दी हो।
स्वास्थ्य विभाग आया अलर्ट मोड में -
एक साथ एक ही जगह पर एक 11 कोरोना के नए मामले सामने आने और उनकी ट्रैवल हिस्ट्री को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। बताया जा रहा है पाए गए 11 संक्रमितों में से एक दिल्ली चला गया है, जबकि एक बोधगया से ही लापता हो गया है। बाकी बचे लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार को भी अलर्ट कर दिया गया है। आइसोलेट किए गए कोरोना संक्रमित के कोरोना के स्ट्रेन के लिए जिनोम सीक्वेंसिंग कराई जा रही है।