Corona Update : भारत के कोविड प्रबन्धन की सराहना पूरी दुनिया में हुई: मुख्यमंत्री
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 03:19 PM
Lucknow: लखनऊ(एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath) ने आज जनपद मेरठ के लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (Lala Lajpat Rai Memorial Medical College)का निरीक्षण कर कोरोना उपचार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के उपरान्त, मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना की थर्ड वेव वर्तमान में पूरी दुनिया में है। भारत में बेहतर कोविड प्रबन्धन के माध्यम से लोगों के जीवन एवं जीविका दोनों को बचाने की पूरी व्यवस्था की गई। समय से उठाए गए कदम इस महामारी से बचाने में बहुत प्रभावी सिद्ध हुए। भारत के कोविड प्रबन्धन की सराहना पूरी दुनिया में हुई। देश के सर्वाधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश में भी बेहतर कोरोना प्रबन्धन हुआ। इस दौरान कई ऐसे मॉडल भी खड़े हुए, जिसकी सर्वत्र सराहना हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से डरने और भागने की नहीं, बल्कि सतर्कता और सावधानी की आवश्यकता है। बुजुर्ग, बीमार, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, कमजोर इम्युनिटी के लोग अनावश्यक घर से बाहर न निकलें, शेष लोगों को घर से बाहर निकलना हो तो मास्क जरूर लगायें। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक जाने से बचें। यह सतर्कता और सावधानी कोरोना को परास्त करने तथा लोगों के जीवन और जीविका को बचाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सम्मिलित प्रयासों से कोरोना हारेगा और भारत जीतेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के सेकेण्ड वेव जैसी स्थिति थर्ड वेव में नहीं है। इस वेव में कुल एक्टिव केस के 01 से 1.5 प्रतिशत संक्रमित लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती होने की आवश्यकता पड़ रही है। इनमें भी अधिकतर संक्रमित मरीज ऐसे हैं, जो पहले से ही किसी गम्भीर बीमारी से पीडि़त हैं। शेष लोगों को होम आइसोलेशन में निगरानी समितियों की देखरेख तथा इण्टीग्रेटेड कोविड कमाण्ड सेण्टर से संवाद के माध्यम से उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।