corona virus: भारत में कोविड-19 के 167 नए मामले आए
Corona Virus
भारत
RP Raghuvanshi
27 Nov 2025 12:39 AM
corona virus: भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 167 नए मामले आने से देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,75,776 पर पहुंच गई है, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,608 रह गई है।
corona virus
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से चार और मरीजों की मौत से देश में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 5,30,667 हो गई है। मौत के नए मामलों में केरल द्वारा संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुनर्मिलान करते हुए सूची में जोड़े गए तीन मामले शामिल हैं, जबकि एक मरीज की मौत पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में हुई है।
मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 98.8 प्रतिशत हो गई है। बीते 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 83 की कमी दर्ज की गई है।
आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,41,501 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 219.99 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।