
Coronavirus कोरोना वायरस (Coronavirus) का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह वायरस नए नए रुप बदल कर बार बार हमला कर रहा है। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए मामलों में भी तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। अब इजरायल के एक वैज्ञानिक ने चिकित्सकों और महामारी पर्यवेक्षकों में घबराहट पैदा कर दी है। इजरायल के वैज्ञानिक डॉक्टर शाय फ्लीशोन ने दावा किया है कि इंडिया के 10 राज्यों में कोरोनावायरस का सब-वैरिएंट BA.2.75 मिला है।
डॉक्टर शाय फ्लीशोन इजरायल के शीबा मेडिकल सेंटर में मौजूद सेंटर वायरोलॉजी लैब में कार्यरत हैं। उन्होंने लिखा है कि BA.2.75 के 2 जुलाई तक 85 सीक्वेंस अपलोड किये गए हैं। इनमें से ज्यादा भारत (10 राज्य) से हैं। बाकी सात अन्य देशों से हैं। फिलहाल ट्रांसमिशन की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
डॉक्टर शाय फ्लीशोन ने इन कोविड केसों के बारे में विस्तार से बताया भी है। उनके मुताबिक 2 जुलाई तक भारत में कोविड के नए सबटाइप के 69 केस मिले थे। इसमें 27 महाराष्ट्र, 13 पश्चिम बंगाल, एक-एक दिल्ली और जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश, छह हरियाणा, तीन हिमाचल प्रदेश, 10 कर्नाटक, पांच मध्य प्रदेश, दो तेलंगाना में मिले।
जीनोम सीक्वेंसिंग के डेटा पर नजर रखने वाली साइट Nextstrain के अनुसार भारत के अलावा सात और देश हैं जहां नया कोविड वैरिएंट मिला है। डॉक्टर शाय फ्लीशोन ने BA.2.75 को सेकेंड जेनरेशन वैरिएंट बताया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि सेकेंड जेनरेशन वैरिएंट उन देशों से निकलकर दूसरे देश पहुंचे हैं, जहां वे पाये गए थे।
शाय फ्लीशोन ने आगे ट्वीट करते हुए यह भी लिखा कि BA.2.75 क्या आने वाले वक्त में दुनियाभर में फैल जाएगा यह इतनी जल्दी सामने नहीं आ सकता, लेकिन BA.2.75 चिंता पैदा करने वाला जरूर है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के टॉप वैज्ञानिक डॉक्टर समीरन पांडा से का कहना है कि एक तरफ विदेशी वैज्ञानिक इसको लेकर चिंता में हैं, वहीं भारतीय वैज्ञानिक कहते हैं अभी पैनिक बताया जाना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि नए वैरिएंट का मिलना असामान्य नहीं है। जैसे-जैसे वायरस सुस्त पड़ता जाएगा तो वैरिएंट सामने आएंगे।