Covid-19 : डराने लगा कोरोना, एक दिन में मिले 4,435 नए मामले, 11 की मौत
Corona scare, 4,435 new cases found in a day, 11 killed
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:36 PM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:36 PM
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना संक्रमण के 4,435 नए मामले आने से लोग महामारी के दूसरे चरण को याद कर एक बार फिर डरे हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय भी सचेत है। उसने राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। राज्य सरकारों ने भी हालात से निपटने के लिए तैयारी कर ली है। देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 47 लाख 33 हजार 719 हो गई है। पिछले 163 दिन में सामने आए ये सर्वाधिक दैनिक मामले हैं। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 23,091 पर पहुंच गई है। देश में पिछले साल 25 सितंबर को कोविड के 4,777 दैनिक मामले सामने आए थे।
आठ राज्यों में हुई संक्रमितों की मौत, महाराष्ट्र अव्वल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से महाराष्ट्र में चार और छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, पुडुचेरी तथा राजस्थान में एक-एक मरीज की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में मृतक संख्या बढ़कर 5 लाख 30 हजार 916 हो गई। वहीं, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में चार नाम और जोड़े हैं।
देश में 23,091 मरीजों का चल रहा इलाज
आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी 23,091 लोगों का कोरोना संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.05 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। देश में संक्रमण की दैनिक दर 3.38 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 2.79 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4 करोड़ 41 लाख 79 हजार 712 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।
बीते साल चार करोड़ के पार चली गई थी संक्रमितों की संख्या
गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।