
सहारनपुर। देहरादून पंचकूला नेशनल हाइवे पर स्थित टोल प्लाजा पर चल रहे किसानों के धरना प्रदर्शन पर किसानों के बीच पहुंचे भारतीय किसान यूनियन BKU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Khiri) प्रकरण में आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की है। रविवार की दोपहर नेशनल हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर चल रहे किसान धरना प्रदर्शन में पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने कहा कि लखीमपुर खीरी में घटी घटना बहुत निंदनीय है। भाजपा (BJP) के एक बड़े नेता के बेटे द्वारा किसानों को अपनी गाड़ी से कुचल देना बहुत बड़ा अपराध है। उन्होंने कहा कि भाकियू द्वारा लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Khiri) प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाही किए जाने की मांग की गई है, साथ ही साथ आरोपी के पिता जो भाजपा में कैबिनेट मंत्री है उनके इस्तीफे की भी मांग भाकियू द्वारा की जा रही है। इस मौके पर चौधरी जगपाल, अशोक कुमार, प्रदीप कुमार, स. भोला सिंह, बबलू प्रधान, स.हरि सिंह,देवेन्द्र, कुलविंदर सिंह,सचिन राणा, रूपेंद्र सिंह,देव वधवा सुरेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।