
Cyber Crime: नई दिल्ली/नोएडा। पुलिस के अफसरों ने स्वीकार किया है कि इन दिनों साइबर ठगी (Cyber Crime) तथा हनी ट्रेप के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अफसरों का साफ मत है कि साइबर ठगों व ब्लैकमेलरों से डरे बिना उनका मुकाबला करें। वे आपका कुछ भी नहीं बिगाड़ पाएंगे बल्कि आपकी सर्तकता से जेल चले जाएंगे।
चेतना मंच की टीम ने खुलासा किया था ( पढ़ें पूरी खबर- News Alert: सावधान ! आपके सामने वह नंगी हो जाएगी, आप पड़े चक्कर में तो बुरे फंसेंगे) कि इन दिनों कुछ ठग वीडियो में कपड़े उतारती हुई लड़की दिखाकर भोले-भाले लोगों को ठग रहे हैं। इस विषय में पूछे जाने पर नोएडा पुलिस कमिश्नरी के डीसीपी राम बदन सिंह ने बताया कि इस प्रकार के अपराध की अनेक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि पूरे एनसीआर क्षेत्र में साइबर ठगी (Cyber Crime) के मामले बढ़ते जा रहे हैं। लोक लाज के डर से या समाज में प्रतिष्ठा गंवाने के भय से अक्सर लोग साइबर ठगी की शिकायतें भी दर्ज नहीं कराते हैं। इस कारण से इन ठगों के हौंसले अधिक बढ़ते चले जाते हैं।
डीसीपी राम बदन सिंह सलाह देते हैं कि यदि गलती से आप कभी इन ठगों के चंगुल में फंस जाते हैं तो बिल्कुल भी घबराएं नहीं। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर इनका मकसद मात्र कुछ रूपए ऐंठने का होता है। वीडियो वायरल होने पर इन्हें अपनी गिरफ्तारी का अधिक डर रहता है। इस कारण ये कभी भी वीडियो वायरल नहीं करते हैं। इसलिए डरे बिना इन ठगों की शिकायत तुरंत पुलिस से करें। पुलिस के साथ ही साथ साइबर क्राइम की देश भर में चलने वाली हैल्पलाइन के 1930 नवंबर पर फोन करें। साथ ही भारत सरकार की साइबर सैल की वेबसाइट http://cybercrine.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराएं।
डीसीपी श्री सिंह ने सलाह दी है कि व्हाटसएप तथा मैसेंजर पर किसी भी अनजाने अपरिचित के वीडियो कॉल को कभी भूलकर भी रिसीव न करें। अपरिचित संदिग्ध लोगों को अपनी फ्रैंड सूची से तुरंत अनफ्रैंड कर दें। गलती से किसी कॉल आदि के चक्कर में फंस जाने पर बिना डरे पुलिस से तुरंत संपर्क करें। इन छोटे-छोटे उपायों के जरिए आप सुरक्षित रहेंगे। कोई भी साइबर ठग आपको कभी भी ठग नहीं पाएगा।