Dadri Crime News : कबाड़ी के गोदाम से 210 कुंतल गांजा बरामद
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 12:40 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 12:40 AM
Dadri : दादरी । जनपद गौतमबुद्धनगर नशे के सौदागरों की मंडी बनता जा रहा है। आए दिन यहां पुलिस नशे की बड़ी खेप बरामद कर नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने में जुटी हुई है। इसके बावजूद भी नशे का कारोबार बदस्तूर चल रहा है। थाना दादरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पल्ला नहर के पास से कबाड़ी के गोदाम पर छापा मारकर 210 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने यहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि दो फरार हो गये। पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 25 लाख रुपए है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर पल्ला नहर के पास शहजाद के कबाड़ के गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान यहां खड़े आईसर कैंटर व स्विफ्ट गाड़ी से करीब 210 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने यहां से दीपक पुत्र ओंकार निवासी चिटहेरा व शहजाद उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान दो लोग मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों ने अपने फरार साथियों के नाम नीरज उर्फ कल्लू व बंटी बताया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह नीरज उर्फ कल्लू तथा बंटी के साथ मिलकर उड़ीसा से गांजा लेकर आते हैं। गांजे को शहजाद के गोदाम में रखा जाता है। इसके बाद स्विफ्ट गाड़ी से गांजे की खेप अलग-अलग जगह पहुंचाई जाती है। थाना प्रभारी ने बताया कि नशे के इस कारोबार का गैंग लीडर कालू उर्फ नीरज है। कालू उर्फ नीरज पिछले कई महीनों से बुलंदशहर में नशे के नेटवर्क को चला रहा है।
कालू नोएडा में भी नशे की मंडी को जमाने की कोशिश में लगा था। नशे के कारोबार को बढ़ाने के लिए कालू नोएडा में नशे के छोटे कारोबारियों से संपर्क बढ़ा रहा था। थाना प्रभारी के मुताबिक फरार नीरज उर्फ कालू तथा बंटी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।